डेस्क: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने वैशाली जिले के राघोपुर में नाव हादसे में महिला और मासूम बच्चों की असामयिक मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। स्वास्थ मंत्री ने हादसे में घायल लोगों के समुचित एवं बेहतर इलाज के लिए संबंधित चिकित्सकों और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। निशांत ने आज जारी शोक संदेश में कहा कि यह हृदयविदारक घटना मन को गहरे शोक और पीड़ा से भर देने वाली है। जिन घरों में नन्हे बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां पसरा मातम अत्यंत पीड़ादायक है। अपने बच्चों को खोने वाले माता-पिता के असहनीय दुख को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस अपूरणीय क्षति पर उनकी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) में चल रहा है।
घायलों को समुचित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित चिकित्सकों एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। श्री निशांत ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें, ताकि वे सकुशल अपने परिवारों के बीच लौट सकें।


