डेस्क: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में डूबने से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी दो युवकों की मौत हो गई। हादसा गोमुख घाट पर हुआ, जहां नहाते समय पैर फिसलने से दोनों युवक गहरे पानी में चले गए। घटना के बाद घाट पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को बचाने के लिए गोताखोरों को तत्काल रेस्क्यू के निर्देश दिए गए। मृतकों की पहचान सौरभ और अमन के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले थे। इसके पहले ओंकारेश्वर में गोमुख घाट के सामने नर्मदा नदी में चलती नाव के इंजन में अचानक भीषण आग लग गई। नाव में आग की लपटें उठते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक ओंकारेश्वर के गोमुख घाट पर नर्मदा नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। हादसे की खबर मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। नर्मदा नदी में इस तरह की घटना पहले भी कई बार हो चुकी है, लेकिन सवाल यह है कि इसका समाधान क्या है। हादसे की सूचना मिलने पर रेस्क्यू के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने नदी में तलाश अभियान चलाकर दोनों युवकों के शव बाहर निकाले। इसके बाद पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। दोनों युवकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।


