उत्तर प्रदेश

यूपी में 80 लाख से अधिक किसानों से 519 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद, ₹1.03 लाख करोड़ से ज्यादा का भुगतान


डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वर्ष 2017 से मार्च 2026 के बीच प्रदेश में 80 लाख से अधिक किसानों से 519 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद की गई और इसके एवज में किसानों को 1,03,833 करोड़ रुपये से अधिक का सीधा भुगतान किया गया।  उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए इस बार धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में भी 71 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार किसानों को बीज से लेकर बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसान कर्ज, बदहाली और बिचौलियों की समस्याओं से जूझते थे, जबकि अब उन्हें उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाओं और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से एमएसपी तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। योगी ने कहा कि प्रदेश में दशकों से लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया गया है। उत्तर प्रदेश देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में लगभग 21 प्रतिशत योगदान कर रहा है। उनके अनुसार, प्रदेश की कृषि विकास दर आठ प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है। दुग्ध, गन्ना और गेहूं के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की ताकत और समृद्धि का आधार हैं। सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करने, उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की रक्षा और उनकी खुशहाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। कृषि क्षेत्र में सिंचाई, उन्नत बीज, सरकारी खरीद और सीधे भुगतान की व्यवस्था के जरिए किसानों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *