राष्ट्रीय

MP: PM मोदी के भाषण के दौरान LED स्क्रीन पर फेंका संदिग्ध सामान, मची अफरा-तफरी, भाजपाइयों ने युवक को धुना

डेस्क: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा स्थित पोला ग्राउंड में आयोजित ‘ज्योति कलश कार्यक्रम’ के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल उद्बोधन के दौरान एक युवक ने प्रसारण के लिए लगाई गई LED स्क्रीन पर कोई वस्तु फेंक दी। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।

जूता या टैबलेट?
घटना के बाद से ही फेंकी गई वस्तु को लेकर विवाद और सियासत गरमा गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय जनता का दावा है कि युवक ने स्क्रीन पर जूता फेंका था। वहीं, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि फेंकी गई वस्तु टैबलेट थी। हालांकि, प्रशासन की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक या स्पष्ट बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है।
अफरा-तफरी के बाद पुलिस हिरासत में युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान हुई इस अचानक घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। नाराज कार्यकर्ताओं ने युवक को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को भीड़ से निकाला और अपने कब्जे में लिया।
युवक ने यह हरकत किस वजह से की, इसका कारण अभी सामने नहीं आ पाया है। फिलहाल युवक पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है, हालांकि आधिकारिक तौर पर उसके बयान की जानकारी मीडिया को उपलब्ध नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *