उत्तर प्रदेश

संदिग्ध परिस्थितियों में हुई राजमिस्त्री की मौत, पत्नी और प्रेमी पर हत्या का केस दर्ज… कब्र से निकाला जाएगा शव

डेस्क: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में 30- वर्षीय एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, पुलिस अब दफनाए जा चुके शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि लोहियानगर थाना क्षेत्र के फतल्लेहपुर निवासी राजमिस्त्री तालिब की 28 सितंबर को मौत हो गई थी। उसकी पत्नी इल्मा (27) ने परिजनों को स्वाभाविक मौत होने की बात बताई थी, जिसके बाद परिवार के लोग शव को मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना ले गए और उसे दफना दिया। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को तालिब के चचेरे भाई अकरम और अन्य परिजनों ने थाने में तहरीर देकर इल्मा और अमन नामक व्यक्ति पर तालिब की हत्या करने का संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार, परिजनों को बाद में इल्मा की गतिविधियों पर शक हुआ और उन्हें अमन से उसकी दोस्ती के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्र से निकलवाने की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले में साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। परिजनों का दावा है कि शव दफनाए जाने से पहले इल्मा घर का कीमती सामान समेटती नजर आई थी। उनका यह भी कहना है कि मोहल्ले के लोगों ने दोनों को कई बार साथ देखे जाने की जानकारी दी थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जांच के क्रम में आवश्यकतानुसार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। तालिब और इल्मा की शादी करीब 4 वर्ष पहले हुई थी और उनकी 3 वर्ष की एक बेटी है। इल्मा ने कथित तौर पर पूछताछ में तालिब पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *