उत्तर प्रदेश

कानपुर में खुद को कुंवारा बताकर थाईलैंड की महिला से की शादी, ठगे 60 लाख रुपए…. कारोबारी इरफान गिरफ्तार

डेस्क: धोखाधड़ी, पहचान छुपाकर शादी और धर्म परिवर्तन के दबाव का एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला कानपुर से सामने आया है। थाईलैंड की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने अनवरगंज इलाके के कारोबारी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि इरफान ने खुद को कुंवारा बताकर उससे शादी रची और फिर व्यापार के बहाने करीब 60 लाख रुपए हड़प लिए। इतना ही नहीं, पैसे मांगने पर आरोपी ने भारत आकर रहने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी बनाया।

पीड़िता के मुताबिक, करीब 4 साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी मुलाकात मोहम्मद इरफान से हुई थी। इरफान का अपने काम के सिलसिले में थाईलैंड आना-जाना बना रहता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और लगभग 2 साल पहले दोनों ने थाईलैंड के स्थानीय रीति-रिवाजों के अनुसार शादी कर ली। शादी के बाद भी इरफान का थाईलैंड दौरा जारी रहा। इसी दौरान उसने व्यापार में जरूरत का हवाला देते हुए महिला से किस्तों में करीब 60 लाख रुपए ले लिए। महिला का कहना है कि यह रकम उसने अपनी रेस्टोरेंट व कैंटीन की कमाई और रिश्तेदारों से उधार लेकर जुटाई थी।

बताया जा रहा है कि जब महिला ने अपनी गाढ़ी कमाई वापस मांगी, तो आरोपी का रवैया बदलने लगा। उसने पैसे लौटाने के बदले शर्त रखी कि महिला को भारत आकर उसके साथ रहना होगा, इस्लाम धर्म अपनाना होगा और बुर्का पहनना होगा। जब महिला ने इन शर्तों को मानने से साफ इनकार कर दिया, तो इरफान फरवरी 2026 में भारत लौट आया। इसके बाद उसने धीरे-धीरे महिला से दूरी बना ली और फोन उठाना बंद कर दिया।
काफी कोशिशों के बाद जब कोई संपर्क नहीं हो सका, तो पीड़िता हार मानकर खुद कानपुर पहुंची। 6 अक्टूबर को वह अपने एक परिचित के साथ लाटूश रोड स्थित इरफान के घर जा पहुंची। वहां पहुंचते ही महिला के होश उड़ गए, जब उसे पता चला कि इरफान पहले से ही शादीशुदा है और उसके 3 बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि जब उसने विरोध जताया तो उसके साथ घर में मारपीट भी की गई। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और अपनी शादी के फोटो, वीडियो तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े तमाम कागजात पुलिस को सौंपे।

महिला की शिकायत पर अनवरगंज थाने में आरोपी मोहम्मद इरफान के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और धर्म परिवर्तन के दबाव से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब महिला द्वारा दिए गए शादी के दस्तावेजों और बैंक लेन-देन के रिकॉर्ड की गहनता से जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों का भी सत्यापन किया जा रहा है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *