डेस्क:मथुरा/वृंदावन। उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित एक निजी गुरुकुल में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां अंडरग्राउंड पानी की टंकी की सफाई करने उतरे चार नाबालिग छात्रों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक छात्र किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहा। मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इस दुखद घटना और बच्चों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि वृंदावन के चैतन्य विहार इलाके में आशीष शर्मा द्वारा ‘वृंदावन गुरुकुलम’ नाम से एक निजी गुरुकुल संचालित किया जा रहा था। इस संस्थान में करीब 200 बच्चे पंजीकृत हैं और वर्तमान में लगभग 100 बच्चे परिसर में रह रहे थे। जहरीली गैस बनी हादसे की वजह
घटना के अनुसार, शाम के समय गुरुकुल परिसर में बनी अंडरग्राउंड पानी की टंकी से तेज बदबू आ रही थी। इसके बाद बच्चों ने खुद ही टंकी को साफ करने का प्रयास किया और पांच छात्र सफाई के लिए टंकी के भीतर उतरे। आशंका जताई जा रही है कि टंकी के अंदर जहरीली गैस भरी हुई थी, जिसके संपर्क में आते ही सभी पांचों बच्चे बेहोश हो गए। इनमें से चार बच्चों की मौके पर ही असमय मौत हो गई, जबकि एक छात्र सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा। मृत सभी बच्चे दूसरे राज्यों के रहने वाले थे।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
इस पूरे मामले में गुरुकुल प्रबंधन की घोर लापरवाही और संचालन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बात की गहन जांच की जाएगी कि यह गुरुकुल किस आधार पर संचालित हो रहा था और इसे उचित मान्यता प्राप्त थी या नहीं। इतने सीमित स्थान में इतने सारे बच्चे किन परिस्थितियों में रह रहे थे, इसकी तहकीकात के लिए मजिस्ट्रेट स्तर की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।


