अंतरराष्ट्रीय

US में पटरी पर नहीं आ पा रहीं विमान सेवाएं…. अब अटलांटा एयरपोर्ट पर सिस्टम ठप, डेल्टा की सभी उड़ानें प्रभावित

डेस्क: अमेरिका (America) के अटलांटा एयरपोर्ट (Atlanta Airport) पर तकनीकी खराबी (Technical Glitch) के कारण रविवार को डेल्टा एयर लाइंस की उड़ानें प्रभावित रहीं. विमान के वजन और संतुलन की गणना करने वाले ऑटोमेशन सिस्टम (Automation System) में आई गड़बड़ी की वजह से अटलांटा आने-जाने वाली डेल्टा की सभी उड़ानों में देरी हुई।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस तकनीकी समस्या के चलते डेल्टा की उड़ानों में करीब एक घंटे की देरी दर्ज की गई. FAA की ओर से जारी एडवाइजरी में कंटिग्यूअस यूनाइटेड स्टेट्स से अटलांटा के लिए रवाना होने वाली और अटलांटा से उड़ान भरने वाली डेल्टा की सभी फ्लाइट्स को शामिल किया गया था।

खास बात ये रही कि इस देरी कार्यक्रम के दायरे में सिर्फ डेल्टा एयर लाइंस ही एकमात्र कमर्शियल एयरलाइन थी. हार्ट्सफील्ड-जैक्सन अटलांटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट डेल्टा का सबसे बड़ा हब है और दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में गिना जाता है. ऐसे में यहां उड़ानों के प्रभावित होने से यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा।
उड़ानों में हुई देरी पर सफाई देते हुए FAA ने कहा, ‘डेल्टा एयरलाइन के वेट एंड बैलेंस ऑटोमेशन सिस्टम में आई समस्याओं को सुलझाने पर काम कर रही है. इन देरी का एफएए के किसी भी एयर ट्रैफिक सिस्टम से कोई लेना-देना नहीं है.’
लगातार तकनीकी दिक्कतों से जूझा एविएशन सेक्टर
नवंबर के महीने में अमेरिकी विमानन क्षेत्र को लगातार तकनीकी रुकावटों का सामना करना पड़ा है. अटलांटा एयरपोर्ट पर हुई ये घटना देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप के ठीक एक हफ्ते बाद सामने आई है, जिसके कारण हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं. इसके बाद सोमवार को यूनाइटेड एयरलाइंस में भी तकनीकी खराबी आई थी, जिससे कई उड़ानों में देरी हुई थी।
अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट के ईमेल और दूसरे टूल्स भी ठप हो गए थे, जिसे कंपनी ने ‘नेटवर्क क्षमता के अपग्रेड’ का नतीजा बताया. इसके बाद राउटर अपग्रेड में खराबी के कारण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को 9/11 के बाद सबसे लंबे समय तक देशभर की उड़ानें रोकनी पड़ीं।
इतना ही नहीं, जेपी मॉर्गन चेज में आए एक सॉफ्टवेयर बग के कारण कई बड़े बैंकों और मनी ट्रांसफर सेवा ‘जेले’ का कामकाज प्रभावित हुआ था. यूनाइटेड एयरलाइंस की आंतरिक प्रणाली भी कुछ समय के लिए ठप रही. फिर नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का वो आंतरिक नेटवर्क भी ऑफलाइन हो गया, जिसका इस्तेमाल गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए किया जाता है. एजेंसी ने इसे रूटीन मेंटेनेंस का हिस्सा बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *