डेस्क: भाजपा ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर निर्वाचन आयोग तक विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के मार्च की आलोचना करते हुए दावा किया कि यह कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा अराजकता पैदा करने और राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करने का एक और प्रयास था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने गांधी की आलोचना की और उन पर उच्चतम न्यायालय को गलत तरीके से उद्धृत करके “भ्रम” फैलाने और “अपनी राजनीति को बढ़ावा देने” की कोशिश करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी देश में भ्रम का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे
उच्चतम न्यायालय में सोमवार को हुई एक जनहित याचिका (पीआईएल) पर सुनवाई का हवाला देते हुए पात्रा ने कहा कि अदालत ने यह नहीं कहा कि फॉर्म-छह अवैध था। इससे पहले, गांधी ने ‘एक्स’ पर दावा किया था कि अब यह संदेह से परे स्थापित हो चुका है कि सीईसी ने फॉर्म-छह को “अवैध रूप से और एकतरफा” बदल दिया। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए लोग फॉर्म-6 का इस्तेमाल करते हैं। भाजपा सांसद ने कहा, “उच्चतम न्यायालय ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया। उसने सिर्फ नोटिस जारी किए हैं। अभी तक सुनवाई भी नहीं हुई है।
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) ने कहा है कि जब सुनवाई होगी, तब मामले की जांच की जाएगी। फिर भी, राहुल गांधी देश में अराजकता, झूठ, छल और भ्रम का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि गांधी न्यायालय का हवाला देकर “अपनी राजनीति को बढ़ावा देने” की कोशिश कर रहे हैं और उसका गलत उद्धरण दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस बार-बार हर संभव तरीके से राहुल गांधी को लॉन्च और फिर से लॉन्च करने की कोशिश करती रही है। जब, कई प्रयासों के बावजूद, वह अपनी पकड़ बनाने में विफल रहे, तो कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगियों ने तय किया कि भले ही इसके लिए अराजकता का सहारा लेना पड़े और देश के लोकतंत्र को कमजोर करना पड़े, वे किसी भी कीमत पर राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से लॉन्च करेंगे।” पात्रा ने कहा, “इन प्रयासों के तहत, उन्होंने समय-समय पर भारतीय सेना, उच्चतम न्यायालय, हिंदुओं और ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों) पर हमला किया। और पिछले कुछ हफ्तों से, वह निर्वाचन आयोग पर हमला कर रहे हैं।”


