डेस्क: 1 अक्तूबर को बाजार बंद होने के बाद एस्ट्रो साइकल में शुक्र तुला राशि में वक्री हो गए हैं, वक्री शुक्र और बुध की युति बनी हुई है जबकि कर्क राशि में मंगल और गुरु की युति बनी हुई है। 3 और 4 अक्तूबर की मध्य रात्रि राहु धनिष्ठा नक्षत्र के तीसरे चरण में आ गए हैं जबकि शनि इसी सप्ताह 9 अक्तूबर को उत्तर भाद्रपद नक्षत्र के चौथे चरण में गोचर करेंगे। कुल मिला कर ग्रह स्थिति निचले स्तरों से बाजार के रिकवर होने की तरफ इशारा कर रही है।
5 अक्तूबर को जब सुबह बाजार खुलेगा तो चन्द्रमा शनि के पुष्य नक्षत्र में गोचर करेंगे लिहाजा बाजार की शुरूआत अस्थिरता के साथ हो सकती है लेकिन चंद्रमा सुबह 11.40 बजे पुष्य नक्षत्र के तीसरे चरण में प्रवेश करेंगे। इसके बाद से बाजार की चाल बदल सकती है। इस दिन हमें मेटल, इंफ्रास्ट्रक्चर, मशीन टूल्स और रियल एस्टेट सैक्टर की कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है।
6 अक्तूबर को बाजार खुलने पर चन्द्रमा बुध के अश्लेषा नक्षत्र में गोचर करेंगे लिहाजा बाजार खुलने पर थोड़ा पॉजिटिव रुख दिखा सकता है लेकिन चंद्रमा सुबह 10.41 बजे आश्लेषा नक्षत्र के तीसरे चरण में प्रवेश करेंगे। इसके बाद से बाजार की चाल बदल सकती है। इस दिन हमें आई.टी., बैंकिंग और फार्मा सैक्टर की कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है।
7 अक्तूबर को जब बाजार खुलेगा तो चन्द्रमा केतु के मघा नक्षत्र में गोचर करेंगे लिहाजा ओपनिंग में बाजार अस्थिर रह सकता है। इस दिन सुबह 9.57 बजे चन्द्रमा मघा नक्षत्र के तीसरे चरण में प्रवेश करेंगे लिहाजा बाजार खुलने पर इंतजार करने के बाद ही कोई पोजीशन लेनी चाहिए। इस दिन आई.टी., एफ.एम.सी.जी., ज्वैलरी, होटल और रियल एस्टेट सैक्टर की कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है।
8 अक्तूबर को चन्द्रमा सुबह शुक्र के पूर्व फाल्गुनी नक्षत्र में गोचर करेंगे, लिहाजा बाजार की शुरूआत पॉजिटिव रह सकती है। बाजार खुलने के 12 मिनट के भीतर ही 9.27 बजे चन्द्रमा पूर्व फाल्गुनी नक्षत्र के तीसरे चरण में गोचर करेंगे और 9.27 के बाद बाजार की चाल देख कर ही कोई फैसला लेकिन क्योंकि इस दौरान बाजार का रुख बदल सकता है। इस दिन हमें ब्यूटी, लग्जरी, एंटरटेनमैंट, ज्वैलरी और एफ.एम.सी.जी. सैक्टर की कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है।
9 अक्तूबर को जब सुबह बाजार खुलेगा तो चन्द्रमा का गोचर सूर्य के उत्तर फाल्गुनी नक्षत्र में होगा और बाजार अस्थिरता के साथ खुल सकता है। इस दौरान सुबह 9.17 बजे चन्द्रमा उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र के तीसरे चरण में प्रवेश करेंगे, लिहाजा बाजार खुलने पर इसकी दिशा तय होने का इंतजार करना बेहतर रणनीति रह सकती है। इस दिन हमें पावर, पी.एस.यू. और सरकारी बैंकों के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है।


