अर्थ

Kotak Mahindra Bank को मिलेगा नया CEO, RBI ने अनूप कुमार साहा के नाम पर लगाई मुहर

डेस्क: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अनूप कुमार साहा (Anup Kumar Saha) को कोटक महिंद्रा बैंक का मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (MD & CEO) नियुक्त किए जाने को मंजूरी दे दी है। उनका तीन साल का कार्यकाल 1 जनवरी 2027 से शुरू होगा।

कोटक महिंद्रा बैंक ने गुरुवार को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी। बैंक के मुताबिक, नियुक्ति को औपचारिक रूप देने के लिए बोर्ड आगे की जरूरी प्रक्रिया पूरी करेगा और सदस्यों की मंजूरी ली जाएगी।

जनवरी 2026 में कोटक से जुड़े थे साहा
अनूप कुमार साहा फिलहाल कोटक महिंद्रा बैंक में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर हैं। वह जनवरी 2026 में बैंक से जुड़े थे और मार्च 2026 से कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
अपनी मौजूदा भूमिका में साहा रिटेल बैंकिंग, सरकारी कारोबार, डेटा एनालिटिक्स और मार्केटिंग समेत कई प्रमुख क्षेत्रों की देखरेख कर रहे हैं।
साहा के पास 32 साल से अधिक का पेशेवर अनुभव है। इसमें बैंकिंग और गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थानों सहित वित्तीय सेवा क्षेत्र में 25 साल से ज्यादा का अनुभव शामिल है।

बजाज फाइनेंस में संभाली कई अहम जिम्मेदारियां
कोटक महिंद्रा बैंक में शामिल होने से पहले साहा अक्टूबर 2017 से जनवरी 2026 तक बजाज फाइनेंस से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने कंज्यूमर फाइनेंस, MSME, मार्केटिंग, ऑपरेशंस, सर्विस और डिजिटल प्लेटफॉर्म समेत कई अहम कारोबारों की जिम्मेदारी संभाली।
उन्होंने कंपनी में कार्यकारी निदेशक और डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया। अप्रैल 2025 में उन्हें बजाज फाइनेंस का MD & CEO नियुक्त किया गया था, हालांकि जुलाई 2025 में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।

बैंक बोर्ड ने जताया भरोसा
कोटक महिंद्रा बैंक के बोर्ड के चेयरमैन सी.एस. राजन ने कहा कि साहा के पास बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं का व्यापक अनुभव है। उन्होंने यह भी कहा कि साहा अपनी मौजूदा भूमिका में बैंक के कामकाज में पहले से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।
बैंक के मौजूदा MD & CEO अशोक वासवानी ने कहा कि साहा को अलग-अलग कारोबारों, ग्राहक वर्गों और ऑपरेशनल क्षेत्रों में काम करने का अनुभव है। उनके मुताबिक, कोटक से जुड़ने के बाद साहा ने बैंक की विभिन्न टीमों के साथ मिलकर काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *