लोक गान, लोक नृत्य एवं एकल अभिनय के माध्यम से स्वच्छता, नदी संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश
दरभंगा, 29 सितंबर 2026 :- जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा कौशल कुमार के निर्देशानुसार “स्वच्छता ही सेवा–2026” अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा चन्द्रधारी संग्रहालय, दरभंगा के प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक एवं कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लोक गान, लोक नृत्य (समूह) एवं एकल अभिनय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें दरभंगा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने सहभगिता की।
राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर गंगा समिति, दरभंगा के जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों एवं नदियों के संरक्षण से जोड़ना तथा सांस्कृतिक एवं कलात्मक माध्यमों से स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना रहा। लोक कला एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
संग्रहालयाध्यक्ष रविकांत कुमार ने कहा कि कला एवं संस्कृति के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
डॉ. पुष्कर कुमार झा ने कहा कि नदियों एवं जल स्रोतों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
डॉ. अभिषेक स्मिथ ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता के संदेश को अपने व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. मोहन मुरारी ने कहा कि लोक कला और संस्कृति के माध्यम से पर्यावरण एवं नदी संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को सरल और प्रभावशाली तरीके से जन-जन तक पहुँचाया जा सकता है।
लोक गान के माध्यम से प्रतिभागियों ने लोक संस्कृति और प्रकृति के बीच संबंध को रेखांकित करते हुए नदियों, जल स्रोतों एवं पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया। वहीं लोक नृत्य के माध्यम से सामूहिक सहभागिता, स्वच्छ परिवेश एवं प्रकृति संरक्षण की भावना को प्रस्तुत किया गया। एकल अभिनय के प्रतिभागियों ने विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ देकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
लोक गान प्रतियोगिता में 38 प्रतिभागियों तथा एकल अभिनय प्रतियोगिता में 10 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, लोक नृत्य के 9 समूहों में कुल 43 प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण एवं नदी संरक्षण का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ० पुष्कर कुमार झा, डॉ० अभिषेक स्मिथ, डॉ० सत्येन्द्र झा, डॉ० मोहन मुरारी, श्रीमती अनिता कुमारी, श्रीमती शिवानी झा शांडिल्य, श्री रूपेश कुमार गुप्ता एवं श्रीमती रंजीता प्रजापति ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।
कार्यक्रम का संचालन अक्षय कुमार झा द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूजा कुमारी, संजीव कुमार, सुनील कुमार, मणिकांत ठाकुर, शिवम झा शांडिल्य, पार्थ कुमार आदि का विशेष योगदान रहा।


