बिहार: सीमा शुल्क (निवारण) मुख्यालय पटना के अधिकारियों ने पिछले दो दिनों में कार्रवाई कर ट्रक समेत 45 लाख 60 हजार रुपए के चाइनीज सेब जब्त किए है। गुप्त सूचना के आधार पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने ट्रक से बगैर किसी वैध कागजात के तस्करी कर लाए गए 4100 किलोग्राम (205 कार्टन) चाइनीज सेब को सीतामढ़ी के डुमरा थाना के अधिकारियों के सहयोग से जब्त किया।
ट्रक सहित इसकी अनुमानित कीमत 30 लाख 38 हजार रुपए है। दूसरी कार्रवाई में सीमा शुल्क अधिकारियों ने इंडस्ट्रियल एरिया हाजीपुर लाकर रखे गए तस्करी के 6920 किलो (346 कार्टन) चाइनीज सेब बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत 15 लाख 22 हजार रुपए है।
जब्त सेब के कार्टन पर हैजीयांग और टैफेंग फूड्स ल्वस्टर मार्का अंकित है। यह दोनों चाइनिज कंपनियां हैं। दोनों कार्रवाई सहायक आयुक्त (निवारण) प्रकाश सहाय के नेतृत्व में अन्य अधीक्षकों और निरीक्षकों द्वारा की गई। इस बात की छानबीन की जा रही है कि इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं। सीमा शुल्क आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक के दिशा निर्देश पर तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
चाइनीज सेब क्यों है बैन
जानकारी के मुताबिक भारत सरकार ने चाइनीज सेब पर प्रतिबंध लगा रखा है। बताया जाता है कि इन सेब को पकाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला केमिकल जिसे उरबासिड या टूसेट के नाम से जाना जाता है, जो त्वचा पर चकते पैदा कर सकता है। इसे चीन सरकार ने भी अपने देश में बिक्री के लिए प्रतिबंधित कर रखा है। यह सेहत के लिए काफी हानिकारक माना जाता है। लेकिन जानकारी के अभाव में न केवल इसकी बिक्री की जा रही है, बल्कि खरीदारी भी हो रही है। चाइनीज सेब की खासियत ये होती है, कि ये साइज में बड़ा और गोलमटोल होता है, चमक भी तेज होती है। रंग गुलाबी और हल्का पीला होता है। खाने में भुरभुरा और चीनी जैसा टेस्ट होता है।