स्थानीय

दरभंगा : राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा 18 से 25 वर्ष के युवाओं के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण प्रशिक्षण आयोजित

कार्यक्रम के माध्यम से युवा विकसित भारत संबंधी अपने विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर व्यक्त करने में होंगे सक्षम : समन्वयक

दरभंगा : कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर संस्कृत विभाग के द्वारा संयुक्त रूप से 18 से 25 वर्ष के युवाओं के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम मिथिला विश्वविद्यालय के पीजी संस्कृत विभाग में संपन्न हुआ, जिसमें छात्रों को विकसित भारत अभियान के तहत यूथ पार्लियामेंट हेतु पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रस्तुति के साथ दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. घनश्याम महतो ने अपने संबोधन में कहा कि निरंतर प्रयास से ही सफलता प्राप्त होती है और भारत को विकसित राष्ट्र बनने में युवाओं की अहम भूमिका है। एलएनएमयू के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आरएन चौरसिया द्वारा प्रचार- प्रसार की रणनीति साझा की गई। उन्होंने छात्रों के विचार सुनकर उन्हें समुचित परामर्श देते हुए कहा कि इस युवा संसद में भाग लेने के क्रम में उन्हें विकसित भारत के निर्माण में अपने महत्वपूर्ण विचार रखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा केवल विकसित भारत के साक्षी ही नहीं, बल्कि सारथी भी बनें।

कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुधीर कुमार झा ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत के संबंध में अपनी सोच व्यक्त करने और राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कुछ टिप्स भी छात्रों के साथ साझा की जैसे कि संस्कृत, वेद, विज्ञान आदि विकसित राष्ट्र के निर्माण में किस तरह की भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा अपना पंजीकरण और 1 मिनट का वीडियो 9 मार्च, 2025 की रात्रि 11 बजकर 59 मिनट तक माय भारत पर अपलोड कर सकते हैं। एक मिनट का रील अपलोड कर सकते हैं, जिन्हें 13 मार्च तक राष्ट्रीय सेवा योजना एवं नेहरू युवा केन्द्र के संयुक्त पर्यवेक्षकों के द्वारा चयनित किया जाना है, जिनकी संख्या अधिकतम 150 होगी। पुनः होली अवकाश के बाद प्रथम सप्ताह में दरभंगा में किसी निर्धारित स्थल पर चयनित युवाओं द्वारा ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ विषय पर उनके द्वारा प्रस्तुत संवाद के आधार पर सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिभागियों को प्रान्त स्तर पर आयोजित विधान मंडल/विधान परिषद् में अपने विचारों को साझा करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र से मुकेश कुमार झा ने छात्रों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के सहायक आचार्य डॉ. मनीष कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर इकाई की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. साधना शर्मा ने स्वागत एवं संचालन करते हुए विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध रूप से समझाया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने भी विकसित भारत विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन शोध छात्र मणि पुष्पक घोष ने किया।

माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया-

mybharat.gov.in वेबसाइट पर जाएं। ‘मेगा इवेंट’ पर क्लिक करें। ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ विकल्प चुनें (18-25 वर्ष के छात्रों के लिए)। राज्य और जिला का चयन कर इवेंट पेज पर जाएं। 1 मिनट का वीडियो बनाएं, जिसमें व्हाट डू यू मीन बाय विकसित भारत स्पष्ट हो। वीडियो सफेद बैकग्राउंड और स्पष्ट ध्वनि के साथ हो।
अधिकतम 25 MB आकार में हो (अधिक होने पर YouTube लिंक अपलोड करें)। वीडियो अपलोड कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। यदि किसी छात्र को माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन में कठिनाई हो तो इन मोबाइल- 8368249012, 8750135167, 98520 48311, 9931009071, 9905437636 से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *