बिहार

बिहार MLC चुनाव: अंदरूनी विरोध के बावजूद JDU ने नीरज कुमार को बनाया उम्मीदवार, पटना स्नातक सीट से ठोकेंगे ताल

डेस्क: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने पार्टी के भीतर कुछ नेताओं के विरोध के बावजूद प्रवक्ता एवं लगातार तीसरी बार विधान पार्षद नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। पूर्व राज्य मंत्री नीरज कुमार का नाम पार्टी द्वारा जारी चार उम्मीदवारों की सूची में शामिल है। वह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार चुनाव लड़ेंगे और वर्ष 2008 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

हालांकि, इस बार पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले नीरज कुमार की राह आसान नहीं दिख रही है। पार्टी के बागी तेवर वाले विधायक अनंत कुमार सिंह ने उनको ‘हराने’ के लिए काम करने का ऐलान किया है। अनंत कुमार सिंह और नीरज कुमार के बीच वर्ष 2015 से राजनीतिक तल्खी चली आ रही है। उस समय मोकामा विधानसभा चुनाव में अनंत कुमार सिंह निर्दलीय उम्मीदवार थे, जबकि नीरज कुमार जदयू के प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे।

नीरज कुमार के अलावा पार्टी ने प्रवक्ता अभिषेक झा, आनंद पुष्कर और घनश्याम राय को भी उम्मीदवार बनाया है। अभिषेक झा तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, जबकि आनंद पुष्कर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपनी दिवंगत पिता एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता केदारनाथ पांडेय की सीट बरकरार रखने का प्रयास करेंगे। घनश्याम राय को दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *