डेस्क: सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली स्थित जनियाजोत गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस घर में सोमवार को शादी की शहनाइयां बज रही थीं, वहीं मंगलवार की सुबह मातम पसर गया। शादी की पहली ही रात के बाद नवविवाहित दंपति संदिग्ध हालात में मृत पाए गए। कमरे में 22 वर्षीय दूल्हा देशराज चौहान फंदे से लटकता मिला, जबकि उसकी दुल्हन अनीता का शव बिस्तर पर पड़ा था।
सूत्रों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। दूल्हे की मौसी मीनाक्षी जब सुबह करीब 6 बजे नवदंपति को जगाने पहुंचीं, तो कई बार आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं हुई। मौसी ने जैसे ही दरवाजे को हल्का धक्का दिया, वह खुल गया। यानी कमरे की कुंडी अंदर से बंद ही नहीं थी। अंदर का मंजर देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि देशराज और अनीता के बीच पहले से प्रेम संबंध था और दोनों परिवारों की रजामंदी से ही मंदिर में शादी संपन्न हुई थी। शादी के बाद घर में दावत का माहौल था और रिश्तेदार छत पर सो रहे थे। मायके पक्ष और दुल्हन की बहन ने सवाल उठाया है कि जब शादी दोनों की पसंद से हुई थी और रात में किसी तरह के विवाद या चीख-पुकार की आवाज भी नहीं आई, तो फिर यह अनहोनी कैसे हुई? सबसे बड़ा रहस्य यह है कि सुहागरात के वक्त कमरे का दरवाजा अंदर से बंद क्यों नहीं था?
घटना की सूचना पर बांसी कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी (सीओ) शुभेंदु सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मौत की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


