राष्ट्रीय

रेजिनगर उपचुनाव से पहले बड़ा बवाल! हुमायूं कबीर की पार्टी के 2 नेताओं को पुलिस ने दबोचा

डेस्क: पश्चिम बंगाल में 6 अक्टूबर को होने वाले रेजिनगर विधानसभा उपचुनाव से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। उपचुनाव से पहले एक बार फिर पुराने केस में हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के 2 नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात रेजिनगर थाना इलाके से पुराने केस में पुलिस ने दोनों को पकड़ा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार लोगों के नाम अनीसुर रहमान और सोहेल मंडल हैं। अनीसुर रहमान आम जनता उन्नयन पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य हैं, इनका घर गोपालपुर इलाके में है। वहीं, सोहेल मंडल पार्टी के युवा उपाध्यक्ष हैं, जिनका घर रेजिनगर में है। दोनों को आज 10 दिन की पुलिस हिरासत की मांग के साथ बहरमपुर जिला अदालत में पेश किया गया।

दूसरी तरफ रेजिनगर उपचुनाव से पहले हुमायूं कबीर खुद भी मुश्किल में फंस गए हैं। हुमायूं कबीर को 21 सितंबर को बहरामपुर थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। सूत्रों की मानें तो चुनाव के दौरान हिंसा भड़काने की कथित साजिश से जुड़े ऑडियो की जांच के सिलसिले में हुमायूं कबीर को बुलाया गया था। शनिवार को बहरमपुर थाने की पुलिस उनके शक्तिपुर स्थित आवास पहुंची और नोटिस दिया।

बताया गया है कि कुछ दिन पहले दो लोगों के बीच बातचीत का एक ऑडियो सामने आया था। इसमें मुर्शिदाबाद में निर्माणाधीन बाबरी मस्जिद पर भाजपा का झंडा लगाने की बात कही गई थी। आरोप है कि बातचीत में हुमायूं कबीर की आवाज थी। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू करने के बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उसी जांच के सिलसिले में अब हुमायूं कबीर को पूछताछ के लिए बुलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *