डेस्क: दिल्ली के वजीराबाद में पुलिस भर्ती के लिए आयोजित दौड़ के दौरान सोमवार को 23 वर्षीय एक युवक अचानक गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 11:11 बजे सोनिया विहार थाने को जग प्रवेश चंद (जेपीसी) अस्पताल से मिली।
युवक को वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी (डीपीए) से अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि युवक की पहचान सौरभ कुमार (23) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में अनूपशहर के सलामतपुर गांव स्थित नेता नगर का रहने वाला था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सौरभ, वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में आयोजित पुलिस प्रवेश एवं भर्ती परीक्षा (पीईएमटी) में शामिल हुआ था। इस बीच, पुलिस मुख्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक, सुबह करीब 9:09 बजे सौरभ ने दौड़ स्पर्धा में भाग लेते हुए पहले तीन राउंड सफलतापूर्वक पूरे कर लिए। बयान में कहा गया है कि हालांकि, तीसरे राउंड के बाद उन्हें परेशानी महसूस हुई और वह ट्रैक के किनारे चले गए, जहां पहले से ही अन्य उम्मीदवार बैठे थे।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद वह बेहोश हो गये। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद ग्राउंड स्टाफ ने उन्हें देखा और तुरंत एम्बुलेंस और डॉक्टरों को बुलाया। बयान के अनुसार, एंबुलेंस पहले से ही मैदान में खड़ी थी और तुरंत मौके पर पहुंच गई। इसमें कहा गया है कि उन्हें पैरामेडिक्स द्वारा सीपीसीआर दिया गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सौरभ के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आगे की जांच स्थानीय पुलिस को सौंप दी गई है। उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोनिया विहार थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


