राष्ट्रीय

छात्रों की गूंज: राहुल गांधी के कार्यक्रम पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान

डेस्क: नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने कहा कि  राजनीति का उद्देश्य देश, प्रदेश, शहर और वार्ड का विकास तथा लोगों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। भीड़ जुटाने के लिए मनोरंजन या मिमिक्री का सहारा लेना राजनीति के मूल उद्देश्य से भटकना है। उन्होंने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के हालिया कार्यक्रम का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की दिवंगत मां को लेकर हुई कथित मिमिक्री की आलोचना की और राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की।

विकास कार्यों से जुड़े एक कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां का स्थान सर्वोच्च है और किसी भी मां का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास कार्यों के जरिए जनता से जुड़ने में विश्वास रखती है। पार्टी का ध्यान देश से लेकर प्रदेश, शहर, वार्ड और पोलिंग बूथ स्तर तक लोगों की समस्याओं के समाधान पर है।

विजयवर्गीय ने अपने विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले क्षेत्र में पेयजल सहित कई समस्याएं थीं। लोगों को कुओं से पानी भरना पड़ता था। कुएं सूखने के बाद बोरिंग कराए गए, लेकिन बाद में बोरिंग भी सूखने लगे। इसके बाद नर्मदा पाइपलाइन के जरिए पानी की व्यवस्था की गई। उन्होंने संजीवनी क्लीनिक के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में विधानसभा क्षेत्र को समस्या-विहीन बनाने का लक्ष्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *