उत्तर प्रदेश

जगदंबिका पाल ने की पठानकोट में रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमले की निंदा, सरकार पर साधा निशाना

डेस्क:पठानकोट के पास पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हुए पथराव को लेकर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सिद्धार्थनगर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) की राजनीति में हिंसा का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भाजपा का वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि वह ऐसे परिवार से आते हैं, जिसने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दिया है। बिट्टू का परिवार लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहा है और देश की सेवा करता आया है। बिट्टू एक रैली को संबोधित करने के लिए जा रहे थे, इसी दौरान उनके काफिले पर पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। भाजपा सांसद ने पंजाब की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि कभी दुनियाभर में अग्रणी राज्य के तौर पर पहचाने जाने वाले पंजाब में आज युवा पीढ़ी नशे की समस्या से प्रभावित हो रही है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
सांसद जगदंबिका पाल ने पथराव की घटना को “घिनौना और निंदनीय कृत्य” बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से काफिले पर पत्थर फेंके गए, वह स्वीकार्य नहीं है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जनता ऐसे राजनीतिक तौर-तरीकों का जवाब देगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता रवनीत सिंह बिट्टू पर पंजाब में हमला हुआ था। वह बटाला के पास घासीतपुर गांव के बाहर जा रहे थे, तभी उनके काफिले पर हमला हुआ था।
सिद्धार्थनगर में आयोजित दूसरे कार्यक्रम में जगदंबिका पाल ने गोशाला में गो सेवा में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गो सेवा केवल गायों या पशुधन की देखभाल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे मानवता की सेवा और जीवों की सुरक्षा से भी जोड़कर देखा जाना चाहिए।
जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के आने के बाद गायों और पशुधन की सुरक्षा के लिए जिलों, ब्लॉकों और गांवों में गोशालाएं स्थापित की गई हैं। उन्होंने गो सेवा और पशुधन संरक्षण को ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों में शामिल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *