बिहार

भागलपुर में दर्दनाक हादसा: पोखर में नहाने गए 2 मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

डेस्क: बिहार में भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में एक पोखर में स्नान करने के दौरान दो बच्चों की डूबकर मौत हो गई। कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी राकेश रंजन ने बताया कि इस क्षेत्र के कवैया गांव के पास एक पोखर में गुरुवार की संध्या चार बच्चे स्नान कर रह थे और अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे।

तालाब के किनारे अन्य बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से दो बच्चों को डूबने से बचा लिया। लेकिन अन्य दो की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृत दोनों बच्चों के शवों को बरामद कर लिया गया है और उसकी पहचान विभीषण कुमार (15) एवं मनीष कुमार (12) के रुप में हुई है। दोनों बगल के नंदलालपुर पंचायत के चांदनी चौक गांव का निवासी थे।

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवो को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाबत आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृत बच्चों के परिजनों को चार चार लाख रुपए अनुग्रह राशि मुहैय्या कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *