अंतरराष्ट्रीय

इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने की दूसरी शादी, करोड़पति फाइनेंसर कैमरन से…

डेस्क: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान (Imran Khan) की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ (Jemima Goldsmith) ने दूसरी शादी कर ली है। 52 वर्षीय जेमिमा (Jemima Goldsmith) ने आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई करोड़पति कारोबारी और फाइनेंसर कैमरन ओ’राइली (Jemima Goldsmith) के साथ विवाह किया है। गोल्डस्मिथ परिवार की ओर से भी इस शादी की पुष्टि की गई है।
जेमिमा की पहली शादी पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और प्रधानमंत्री इमरान खान से हुई थी। दोनों करीब नौ साल तक साथ रहे और 2004 में उनका तलाक हो गया। इस विवाह से उनके दो बेटे सुलेमान और कासिम हैं। इमरान खान इस समय रावलपिंडी की जेल में बंद हैं।
भाई की पत्नी ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर
जेमिमा गोल्डस्मिथ के भाई बेन की पत्नी जेमिमा जोन्स ने इंस्टाग्राम पर शादी समारोह की तस्वीर साझा की। उन्होंने पोस्ट में जेमिमा और कैमरन को बधाई देते हुए लिखा कि वह अपने पसंदीदा साथी के साथ दोनों की शादी का जश्न मना रही हैं और यह बेहद खुशनुमा दिन है। बताया जाता है कि 62 वर्षीय कैमरन ओ’राइली और जेमिमा गोल्डस्मिथ ने सप्ताहांत में एक भव्य समारोह के दौरान शादी की।
फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री के प्रति समान रुचि ने करीब लाया
जेमिमा और कैमरन के बीच फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री में समान रुचि के कारण नजदीकियां बढ़ीं। जेमिमा गोल्डस्मिथ फिल्म निर्माता हैं और उन्होंने प्रोडक्शन कंपनी इंस्टिंक्ट प्रोडक्शंस की स्थापना की है। वह कई फिल्मों और शो की कहानी लिखने और निर्माण से जुड़ी रही हैं। इनमें शेखर कपूर के निर्देशन में बनी रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘व्हाट्स लव गॉट टू डू विद इट?’ भी शामिल है।

2023 से जेल में बंद हैं इमरान खान
पाकिस्तान को 1992 में क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले इमरान खान भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते 2023 से जेल में हैं। जेल में उनकी तबीयत खराब होने को लेकर लगातार चिंता जताई जाती रही है। कई पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान सरकार से इमरान को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर दुनिया के अलग-अलग देशों की टीमों के 21 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तानी अधिकारियों को पत्र भी लिखा था। पत्र लिखने वालों में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और मशहूर कमेंटेटर माइकल एथरटन भी शामिल हैं।
बेटों ने पिता की सुरक्षा को लेकर जताई थी चिंता
इमरान खान के दोनों बेटों सुलेमान और कासिम ने भी अपने पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उनका आरोप था कि जेल में इमरान को नुकसान पहुंचाने की खुलेआम कोशिशें की जा रही हैं। दोनों ने बताया था कि 2022 में इमरान पर हुए हत्या के प्रयास के बाद से वे उनसे आमने-सामने नहीं मिल सके हैं। उनके मुताबिक, मार्च में फोन पर हुई बातचीत के बाद भी दोनों बेटों की अपने पिता से मुलाकात नहीं हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *