डेस्क: सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरी चीजों (Vegetables and daily essentials) की कीमतों में बदलाव का असर अब आम लोगों की जेब पर दिखाई देने लगा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश की खुदरा महंगाई (Retail inflation) दर अगस्त 2026 में बढ़कर 4.82 फीसदी हो गई, जबकि जुलाई में यह 4.45 फीसदी थी। खास तौर पर अदरक, प्याज और लहसुन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने रसोई का बजट प्रभावित किया है।
हालांकि, महंगाई बढ़ने के बीच कुछ जरूरी सामान और सब्जियां ऐसी भी रहीं, जिनकी कीमतों में कमी दर्ज की गई। टमाटर और आलू सस्ते हुए, जबकि कुछ अन्य वस्तुओं के दाम भी नीचे आए। आइए जानते हैं अगस्त में किन चीजों की कीमत बढ़ी और किन सामानों ने राहत दी।
ये चीजें हुईं सबसे ज्यादा महंगी
अगस्त के दौरान अदरक, प्याज और लहसुन की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली।
अदरक: कीमत में 73.82 फीसदी की बढ़ोतरी
प्याज: दाम 48.27 फीसदी बढ़े
लहसुन: कीमत 43.60 फीसदी बढ़ी
सोना, हीरा और प्लेटिनम के आभूषण: 35.53 फीसदी महंगे हुए
अदरक की कीमतों में हाल के हफ्तों में भी तेजी देखी गई है। कई बाजारों में इसका भाव करीब 300 से 400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। लहसुन भी करीब 200 से 400 रुपये किलो के स्तर पर बिक रहा है। वहीं कई खुदरा बाजारों में प्याज की कीमत करीब 50 से 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
इन चीजों ने दी महंगाई में राहत
महंगाई के बीच कुछ जरूरी सामान और सब्जियों के दाम कम होने से उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत भी मिली।
टमाटर: 31.09 फीसदी सस्ता हुआ
आलू: कीमत में 13.14 फीसदी की कमी
मोटर कार और जीप: 6.72 फीसदी सस्ती हुईं
भिंडी: दाम 5.41 फीसदी घटे
परवल और कुंदरू: कीमतों में 3.60 फीसदी की गिरावट
जनवरी से अगस्त तक लगातार बढ़ी महंगाई
साल 2026 में खुदरा महंगाई दर में लगातार बढ़ोतरी का रुझान देखने को मिला है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, महीनेवार खुदरा महंगाई दर इस प्रकार रही:
दरजनवरी2.75%फरवरी3.21%मार्च3.40%अप्रैल3.48%मई3.93%जून4.38%जुलाई4.45%अगस्त4.82%
इन आंकड़ों से साफ है कि जनवरी 2026 में 2.75 फीसदी रही खुदरा महंगाई अगस्त तक बढ़कर 4.82 फीसदी पर पहुंच गई। यानी साल की शुरुआत के मुकाबले अगस्त में महंगाई दर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। प्याज, अदरक और लहसुन जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ रहा है, हालांकि टमाटर और आलू जैसी सब्जियों में आई गिरावट कुछ राहत दे रही है।

