डेस्क: रधाना गांव में डायल-112 पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर सरपंच से शराब की बोतल के लिए 800 रुपये मांगने और रुपये देने से इन्कार करने पर अभद्र व्यवहार कर सड़क पर छोड़ने का आरोप लगा है। सरपंच रामकुमार की शिकायत पर एसपी कुलदीप सिंह ने ईएचसी जय शंकर और एसपीओ प्रदीप को लाइन हाजिर कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों का रात में ही मेडिकल कराया गया। उनके ब्लड सैंपल की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही शराब पीने की पुष्टि हो सकेगी।
शनिवार देर शाम रधाना गांव में एक अज्ञात व्यक्ति के मिलने की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने सरपंच रामकुमार को बुलाकर बताया कि व्यक्ति के परिजनों की जानकारी नहीं मिल सकी है और उसे ईक्कस के पास स्थित वृद्धाश्रम में छोड़ना है। इसके बाद पुलिसकर्मी सरपंच को अपने साथ गाड़ी में ले गए।
सरपंच के अनुसार, वृद्धाश्रम में अज्ञात व्यक्ति को छोड़ने के बाद वापस लौटते समय पुलिसकर्मियों ने गाड़ी में शराब पीनी शुरू कर दी और उन्हें भी शराब पीने के लिए कहा। उन्होंने शराब पीने से इन्कार कर दिया। सरपंच का कहना है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि उन्होंने जीवन में कभी शराब नहीं पी।

