अंतरराष्ट्रीय

‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…’, मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम ने हिंदी में गाया किशोर कुमार का गाना, VIDEO वायरल

डेस्क: भारत दौरे पर आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम (Anwar Ibrahim) का एक अलग अंदाज देखने को मिला। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) में हिस्सा लेने भारत पहुंचे अनवर ने बॉलीवुड के मशहूर गाने को अपनी आवाज दी। दिल्ली के एक होटल में उन्होंने 1965 में आई फिल्म ‘तीन देवियां’ का किशोर कुमार की आवाज में लोकप्रिय गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाया। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग प्रधानमंत्री के इस अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं।

वीडियो में अनवर इब्राहिम हिंदी के इस क्लासिक गीत को गाते हुए नजर आ रहे हैं। यह गीत एस.डी. बर्मन के संगीत और मजरूह सुल्तानपुरी के बोलों के लिए जाना जाता है। अनवर का यह म्यूजिकल अंदाज हिंदी सिनेमा और उसके संगीत के प्रति उनके पुराने लगाव की भी झलक देता है।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम इससे पहले भी बॉलीवुड के प्रति अपनी पसंद जाहिर कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे के दौरान अनवर ने अपने दौरे का एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज सोशल मीडिया पर साझा किया था। इस वीडियो में बॉलीवुड फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का लोकप्रिय गाना ‘बोले चूड़ियां’ इस्तेमाल किया गया था।
अब भारत यात्रा के दौरान किशोर कुमार का गीत गाकर अनवर ने एक बार फिर हिंदी सिनेमा और भारतीय संगीत के प्रति अपनी दिलचस्पी जाहिर की है।
भारत की सभ्यता और संस्कृति की भी तारीफ
भारत दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम ने देश की सभ्यता, संस्कृति और इतिहास की भी प्रशंसा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत और पाकिस्तान के बीच बचे हुए मुद्दों का भी समाधान हो जाएगा।

2022 में मलेशिया का प्रधानमंत्री बनने के बाद यह अनवर इब्राहिम की पहली भारत यात्रा है। दौरे के दौरान भारत और मलेशिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप तक बढ़ाने का फैसला किया। इसके अलावा डिजिटल टेक्नोलॉजी और पर्यटन समेत कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
2019 में रिश्तों में आया था तनाव
भारत और मलेशिया के रिश्तों में 2019 में उस समय तनाव पैदा हो गया था, जब मलेशिया के तत्कालीन प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने के भारत के फैसले की आलोचना की थी।
अनवर इब्राहिम की भारत यात्रा को दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। रणनीतिक साझेदारी और विभिन्न क्षेत्रों में हुए समझौतों के साथ दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने की कोशिश की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *