हरियाणा

कार में हो रहा था अवैध काम, फतेहाबाद में पुलिस ने पहुंच ऐसे बिगाड़ा खेल…महिला समेत तीनों आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

डेस्क: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए टोहाना की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों और एक महिला को 114.19 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद कोकीन की कीमत करीब 58 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार निवासी खानक, जिला भिवानी, हाल मॉडल टाउन हिसार, रविंद्र शर्मा निवासी नलवा, जिला हिसार और नीशा उर्फ नैना निवासी मोती नगर, नई दिल्ली, हाल हिसार के रूप में हुई है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 11 सितंबर को सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी कार में कोकीन लेकर भूना रोड फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कार चालक ने वाहन को भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने कार को रोककर तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान कार से 114.19 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई महिला के मोबाइल फोन में कई इंटरनेशनल मोबाइल नंबर भी मिले हैं। ऐसे में पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर कोकीन के स्रोत, सप्लायर और इससे जुड़े पूरे सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में थाना शहर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *