स्थानीय

दरभंगा : राम जानकी मंदिर में कृष्ण छठी महोत्सव, कीर्तन से भक्तिमय हुआ गंज रघौली

दरभंगा : माधोपट्टी पंचायत के गंज रघौली गांव स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है. मंदिर परिसर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की ओर से भजन-कीर्तन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर रहे हैं.

कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है. श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान श्रीकृष्ण का जयकारा लगाते हैं. शाम होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है. देर शाम महा प्रसाद का वितरण किया जाता है. आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है और लोग बढ़-चढ़कर इसमें अपनी सहभागिता निभा रहे हैं.

ग्रामीणों ने बताया कि 15 दिन पूर्व इसी राम जानकी मंदिर में भगवान श्रीराम, माता सीता और भगवान लक्ष्मण की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई थी. प्राण प्रतिष्ठा के बाद से मंदिर में लगातार धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. कृष्ण छठी के आयोजन से गांव का माहौल और अधिक आध्यात्मिक हो गया है. श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसे आयोजनों से धार्मिक आस्था मजबूत होने के साथ गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता भी बढ़ती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *