डेस्क: इस वक्त की बड़ी खबर यूपी के गाजियाबाद से सामने आ रही है। यहां लोनी विधानसभा सीट से विधायक नंदकिशोर गुर्जर को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। जानकारी के मुताबिक विधायक नंदकिशोर गुर्जर को रक्षाबंधन के दिन फोन पर जान से मारने की धमकी मिली थी। उन्होंने खुद इस मामले की जानकारी दी है। वहीं धमकी भरी कॉल मिलने के बाद विधायक के समर्थक ने लोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल धमकी देने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है।
घटना को लेकर विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा, “रक्षाबंधन के दिन किसी व्यक्ति की कॉल आई कि हम घर में घुस कर बम से उड़ा देंगे। हमनें पूछा कि कौन बोल रहे हैं तो उसने उसी तरह से बात जारी रखी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया। उस समय मैंने कॉल काट दी। बाद में भी कई बार फोन आया और मैंने फोन उठाया तो उसी तरह की भाषा बोली गई। मैंने लोनी पुलिस को बता दिया है कि योगी जी की सरकार है। चाहे आम आदमी हो या विधायक-सांसद हो, सबकी जान की रक्षा का दायित्व हम लोगों का है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी जानकारी प्राप्त हुई है कि वह अपराधी किस्म का आदमी है। उसपर कठोर कार्रवाई कराई जाएगी। फिलहाल बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।”

