स्थानीय

गंज रघौली स्थित रामजानकी मंदिर में भगवान की स्थापना, सांसद और विधायक भी हुए शामिल

दो दिवसीय संकीर्तन से भक्तिमय रहा गांव, ग्रामीणों ने की सुख-शांति और समृद्धि की कामना

कमतौल : माधोपट्टी पंचायत के गंज रघौली गांव स्थित रामजानकी मंदिर में शुक्रवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी की स्थापना की गई. इस पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. सांसद अशोक यादव एवं विधायक मुरारी मोहन झा भी कार्यक्रम में पहुंचे और पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया. जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया.

दो दिवसीय संकीर्तन से भक्तिमय रहा माहौल

भगवान की स्थापना को लेकर गांव में दो दिवसीय संकीर्तन का आयोजन किया गया था. संकीर्तन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया. भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारे से पूरा गांव भक्तिमय बना रहा. मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने गांव की सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की.

ग्रामीणों में दिखा खासा उत्साह

रामजानकी मंदिर में भगवान की स्थापना को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा. लोगों ने कहा कि मंदिर में भगवान की स्थापना गांव के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अवसर है. इससे ग्रामीणों को पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों के लिए एक प्रमुख केंद्र मिलेगा. स्थापना कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्सवी माहौल बना रहा.

आयोजन में इनकी रही सक्रिय भूमिका

दो दिवसीय संकीर्तन और स्थापना कार्यक्रम को सफल बनाने में रतन श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव, जयराम मंडल, शोभित मुखिया, ललित राय, प्रशांत कुमार, सुनील कुमार, शिवशंकर, नागेन्द्र रॉय, अमन समेत अन्य ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही. लोगों ने मिलकर आयोजन की व्यवस्था संभाली और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा.

आरती के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती और पूजा-अर्चना की गई. श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. ग्रामीणों ने भगवान श्रीराम और माता जानकी से गंज रघौली में हमेशा सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारा बनाए रखने की कामना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *