राष्ट्रीय

रास्ते में आ गई बिल्ली… पलटा ऑटो, 10 महिला मजदूर अस्पताल में भर्ती

डेस्क: तेलंगाना के खन्नम जिले में एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 10 महिला मजदूर घायल हो गईं. घायल महिला मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. तीन महिला मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है. ये हादसा मंगलवार सुबह जिले के वेमसुर मंडल के एर्रागुंटापाडु के बाहरी इलाके में हुआ. हादसे का कारण एक बिल्ली को बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, वेम्सूर के अंबेडकर नगर की 10 महिला मजदूर रायदुपालेम और कल्लरूगुडेम के बाहरी इलाके में स्थित खेतों में मिर्च के पौधे लगाने के लिए एक ऑटो में निकलीं, लेकिन जैसे ही वे एर्रागुंटापाडु के बाहरी इलाके में पहुंचीं, अचानक एक बिल्ली उनके रास्ते में आ गई. नतीजतन, सतर्क चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, लेकिन ऑटो पलट गया.

इस हादसे में ऑटो में सवार सभी 10 महिला मजदूर घायल हो गईं. हादसे को देखते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को सथुपल्ली सरकारी अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद, गंभीर हालत वाली तीन महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए तुरंत खम्मम अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, बिल्ली के रास्ते में आ जाने के कारण ही इतनी गंभीर दुर्घटना हुई.
वहीं इस घटना के बाद फिर से लोगों का विश्वास बड़े-बुजुर्गों की इस बात पर बढ़ गया है कि कहीं जाते समय बिल्ली का रास्ता काटना या दिखना अशुभ होता है. अगर आप कहीं जाते समय बिल्ली को देखते हैं, तो आपको रुक कर आगे बढ़ना चाहिए. ऐसा न करने पर अशुभ होता है. वहीं इस घटना की स्थानीय स्तर पर खूब चर्चा हो रही है. साथ ही लोग इस बात से खुश हैं कि इस हादसे में किसी की भी जान नहीं गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *