राष्ट्रीय

BRICS Summit 2026: दिल्ली में तैयारियां तेज

दिल्ली सज रही है… सड़कों की तस्वीर बदल रही है… सुरक्षा से लेकर सफाई तक हर इंतजाम तेज हो गया है—क्योंकि अगले महीने राजधानी में दुनिया के बड़े देशों के नेता जुटने वाले हैं!

भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS Summit की मेजबानी करने जा रहा है। भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और इसी के तहत राजधानी में तैयारियां अब तेज कर दी गई हैं।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद यानी NDMC ने 41 प्रमुख सड़कों को 14 सर्किल में बांटा है, जहां नोडल अधिकारी रोजाना निरीक्षण करेंगे।

सफाई व्यवस्था के लिए 9 से 14 सितंबर तक अतिरिक्त कर्मचारी और नाइट-ड्यूटी टीमें तैनात रहेंगी। मैकेनिकल स्वीपर, स्क्रबर, अस्थायी डस्टबिन और मोबाइल टॉयलेट जैसी सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी।

सिर्फ सफाई ही नहीं, बल्कि सड़कों और फुटपाथों की मरम्मत, गड्ढों को भरना, ड्रेनेज सुधारना और स्ट्रीट लाइट्स को दुरुस्त रखना भी तैयारियों का हिस्सा है।

दिल्ली को खास लुक देने के लिए 15 जगहों पर फ्लोरल बोर्ड, 9 जगहों पर फ्लावर फाउंटेन और 17 राउंडअबाउट्स पर विशेष रोशनी की योजना बनाई गई है। वहीं, 154 डिजिटल स्क्रीन पर BRICS की ब्रांडिंग भी दिखाई जाएगी।

सुरक्षा और व्यवस्था के लिहाज से अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, अनधिकृत होर्डिंग और अनियंत्रित स्ट्रीट वेंडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही मेडिकल टीम, एंबुलेंस और 24×7 कंट्रोल रूम भी तैयार रखा जाएगा।

 

और इस समिट पर दुनिया की नजर इसलिए भी है क्योंकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के दिल्ली आने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि उनकी यात्रा की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

 

यानी BRICS Summit सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय बैठक नहीं, बल्कि भारत की कूटनीतिक ताकत और नई दिल्ली की वैश्विक मेजबानी का बड़ा प्रदर्शन भी बनने जा रहा है।

अब सवाल ये है क्या BRICS Summit के दौरान भारत और चीन के बीच कोई बड़ी कूटनीतिक बातचीत देखने को मिलेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *