दरभंगा

सावन की अंतिम सोमवारी पर जिलाभिषेक के लिए कुशेश्वर स्थान जा रहे एक बाइक सवार श्रद्धालु की मौत,4 घायल

 दरभंगा : दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थानाक्षेत्र के कोला पुल स्थित कुशेश्वरस्थान फुलतोड़ा – एसएच 56 पर सड़क दुघर्टना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि, चार लोग घायल हो गए।

मृतक की पहचान खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड के संहसी निवासी सरिस सिंह के पुत्र सोनू सिंह के रुप में की गई है। जबकि घायलों में लदौरा निवासी पंकज कुमार घ के पुत्र सुमित कुमार उर्फ विक्की (16) हरिपुर निवासी राजीव सिंह के पुत्र रवि कुमार (17), संहसि निवासी बबन सिंह के पुत्र अभिनंदन कुमार (18)1और फुलचंद राय के पुत्र प्रियांशु कुमार (18) शामिल हैं।

इसमें विक्की की हालत चिंताजनक है। सभी घायलों को डीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया गया है। सभी युवक खगड़िया से कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में अंतिम सोमवारी पर जलाभिषेक करने आ रहे थे। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई में जुटी है।

सावन की अंतिम सोमवारी पर कुशेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

मिथिलांचल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार सुबह 10:30 बजे तक करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कुशेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और अपने स्वजन के सुख-समृद्धि की कामना की।

रविवार की आधी रात से ही महिला और पुरुष श्रद्धालु शिवगंगा में स्नान कर गजेंद्र नारायण सिंह धर्मशाला परिसर में बनाए गए घुमावदार बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होने लगे थे। इस दौरान हर-हर महादेव, बोल बम और कुशेश्वरनाथ की जय के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा।

संभावित भीड़ को देखते हुए पंडा समाज के पुजारियों ने रात एक बजे ही पारंपरिक सरकारी पूजा संपन्न कर आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोल दिया। इसके बाद जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी रहा। अरघा के माध्यम से जल अर्पित करने की व्यवस्था किए जाने से श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मदद मिली। श्रद्धालु अरघा में जल अर्पित कर मंदिर के पश्चिमी द्वार से बाहर निकलते रहे।

मुख्य प्रवेश द्वार के दोनों ओर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गई थी। इससे भीड़ में अफरातफरी की स्थिति नहीं बनी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह दंडाधिकारी के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। श्रद्धालुओं के संयमित व्यवहार के कारण पुलिस को बल प्रयोग करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

डीएम कौशर कुमार और ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी देर रात ही कुशेश्वरस्थान पहुंच गए थे। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए लगातार स्थिति का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद प्रशासनिक सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से जलाभिषेक शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *