खेल

कोलंबो टेस्ट में टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, ऋषभ पंत आखिरी सेशन में हुए रिटायर्ड हर्ट

डेस्क: भारत और श्रीलंका के बीच में खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला कोलंबो के स‍िंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने में देरी नहीं लगाई। वहीं दिन के आखिरी सेशन के खेल की जब शुरुआत हुई तो उस समय तीन के निजी स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत शॉट खेलने के प्रयास में अपनी कलाई को चोटिल कर बैठे, जिसके बाद वह काफी दर्द में भी देखे गए और फीजियो से बातचीत करने के बाद उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला लिया।

कोलंबो टेस्ट मैच के पहले दिन के आखिरी सेशन के खेल की शुरुआत होने पर देवदत्त पडिक्कल के साथ ऋषभ पंत बल्लेबाजी कर रहे थे, जिसमें उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत ही थी। टीम इंडिया की पारी के 58वें ओवर की पहली गेंद जो श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा ने फेंकी तो उस शॉर्ट गेंद पर पंत ने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन वह उसे बल्ले से मारने से चूक गए जिसमें गेंद उनके कलाई के पास लगने के बाद लेग साइड में कीपर की तरफ चली गई। पंत इसके बाद काफी दर्द में देखे गए जिसमें गेंद कलाई की हड्डी में लगने की वजह से वह सूज गई थी। सूजन रोकने के लिए फिजियो तुरंत आइस पैक लेकर आए। काफी देर तक रुके रहने के बाद, पंत की कलाई पर थोड़ी देर के लिए टेप लगाया गया और फिर हटा दिया गया। इसके बाद फील्ड अंपायर ने पंत से बात की और फिर उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होकर वापस मैदान से बाहर जाने का फैसला लिया। पंत ने अपनी इस पारी में 15 गेंदों का सामना करते हुए तीन रन बनाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *