राष्ट्रीय

मुंबई के भुलेश्वर में बड़ा हादसा: ‘भुलेश्वरचा राजा’ की प्रतिमा गिरी, 2 की मौत, 5 घायल

हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे जय अंबे चौक में हुआ, जब प्रतिमा को आगमन जुलूस के दौरान पंडाल ले जाया जा रहा था।

प्रतिमा गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान संकेत नेवशे और बृजेश जोशी के रूप में हुई है।

वहीं 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

गणेशोत्सव की खुशी के बीच इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

डेस्क:  गणेशोत्सव की धूम के बीच मुंबई के भुलेश्वर इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार रात गणेश आगमन समारोह के दौरान ‘भुलेश्वरचा राजा’ की विशाल प्रतिमा अचानक गिर गई।

हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 5 और 7 साल की दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।

 

कैसे हुआ हादसा?

हादसा रात करीब 10 बजे बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में हुआ। ‘भुलेश्वरचा राजा’ की प्रतिमा को ढोल-ताशों के साथ पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान भीड़ के बीच प्रतिमा का संतुलन बिगड़ा और वह गिर गई। प्रतिमा के नीचे मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। मौके पर तुरंत अफरा-तफरी मच गई।

 

2 की मौत, 5 घायल

मृतकों की पहचान संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

मौके पर पहुंचीं कई टीमें

सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और BMC की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

गौरतलब है कि इस साल BMC को 3,767 पंडालों के आवेदन मिले थे, जिनमें से 2,729 को मंजूरी दी गई है। इस हादसे के बाद गणेश आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *