एम्स निर्माण के लिए मिट्टी भराई हेतु नियमानुसार खनन योजना तैयार करने का निर्देश
दरभंगा, 22 अगस्त 2026 :-
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला अंतर्गत नदियों में जमा सिल्ट, गाद एवं बालू के सर्वेक्षण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले की विभिन्न नदियों में उपलब्ध सिल्ट, गाद एवं बालू की स्थिति, उसके सर्वेक्षण तथा नियमानुसार उपयोग की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि एम्स निर्माण कार्य में मिट्टी भराई हेतु आवश्यक मिट्टी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संवेदक द्वारा नियमानुसार खनन योजना तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि तैयार खनन योजना को खनिज विकास पदाधिकारी से अनुमोदित कराने के पश्चात पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार से आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्य प्रारंभ किया जाए।
जिलाधिकारी ने खनिज विकास पदाधिकारी सुमन कुमारी को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दरभंगा तथा बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दरभंगा-1 के अभियंताओं द्वारा संबंधित नदियों में चिन्हित गाद एवं सिल्ट के संबंध में जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने उक्त स्थलों पर उपलब्ध सामग्री की स्थिति का आवश्यक सर्वेक्षण एवं आकलन कर खनिज विकास पदाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में खनिज विकास पदाधिकारी सुमन कुमारी सहित बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दरभंगा एवं दरभंगा-1 के अभियंता तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

