राष्ट्रीय

82 लाख की जमीन 18 लाख में रजिस्ट्री का आरोप, कटनी DSP नेहा पच्चीसिया समेत 3 पर FIR

डेस्क: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के कटनी (Katni) में पदस्थ DSP नेहा पच्चीसिया (Neha Pachisia) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विभागीय जांच के बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कुठला थाने में नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला एक हत्या के आरोपी की जमीन को कथित तौर पर दबाव बनाकर कम कीमत में रजिस्ट्री कराने से जुड़ा है। पुलिस ने नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज और मारूफ अहमद के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने FIR की पुष्टि की है।
भौगोलिकसंदर्भ
82.86 लाख की जमीन 18.20 लाख में रजिस्ट्री का आरोप
शिकायत और विभागीय जांच में सामने आया कि सरकारी गाइडलाइन के अनुसार जमीन की कीमत 82 लाख 86 हजार रुपये थी। आरोप है कि करीब 2.15 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री महज 18 लाख 20 हजार रुपये में कराई गई। दस्तावेजों में 15 लाख रुपये चेक और 3.20 लाख रुपये नकद भुगतान दर्शाया गया है।
हत्या के आरोपी ने लगाए गंभीर आरोप
मामला कुठला थाना क्षेत्र का है। एक युवक की हत्या के मामले में आकाश लोधी को मुख्य आरोपी बनाया गया था। डिफॉल्ट जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद उसने जमीन के सौदे को लेकर DSP नेहा पच्चीसिया पर गंभीर आरोप लगाए।

आकाश लोधी का आरोप है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार पर जमीन बेचने का दबाव बनाया गया। उसने दावा किया कि उसके पिता रमेश लोधी को दो दिन तक DSP के घर पर बैठाकर रखा गया और बाद में सरकारी वाहन से कन्हवारा स्थित जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।
आकाश के मुताबिक, जमीन का सौदा 1 करोड़ 7 लाख रुपये में तय हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री के समय सिर्फ 15 लाख रुपये का चेक दिया गया और बाकी रकम सात दिन में देने की बात कही गई। रकम नहीं मिलने पर उसके पिता ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत की और नामांतरण पर आपत्ति दर्ज कराई।
जांच में बैंक ट्रांजेक्शन भी सामने आया
शिकायत के बाद जबलपुर की ASP और IPS अधिकारी अनु बेनीवाल को जांच सौंपी गई। जांच में जमीन के सौदे और पैसों के लेनदेन से जुड़े कई पहलुओं की जांच की गई। सामने आया कि जमीन के खरीदार मारूफ अहमद हनफी के खाते में 15 लाख रुपये क्षितिज राज के खाते से ट्रांसफर किए गए थे। क्षितिज राज को शिकायत में नेहा पच्चीसिया का कथित पार्टनर और संबंधी बताया गया है।
पहले भी विवादों में रही हैं DSP
नेहा पच्चीसिया इससे पहले भी शिकायतों को लेकर चर्चा में रही हैं। एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की कथित अवैध वसूली की शिकायत के बाद उनके ड्राइवर केशव सिंह को निलंबित किया गया था और DSP से तीन थानों का प्रभार वापस लिया गया था। इसके अलावा हत्या के एक मामले में समय पर चालान पेश नहीं होने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट बेल मिलने का मामला भी विभागीय जांच के दायरे में आया था।
अब जमीन सौदे से जुड़े आरोपों की जांच के बाद नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। FIR में लगे आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस जमीन की रजिस्ट्री, कथित दबाव और बैंक खातों से हुए लेनदेन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *