डेस्क: कार्तिक आर्यन एक बड़े हादसे का शिकार हो गए हैं। दरअसल, एक्टर, कबीर खान के निर्देशन में बन रही अपनी अपकमिंग स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान मुंबई में एक हाई-ऑक्टेन एक्शन और स्पोर्ट्स सीक्वेंस शूट करते समय उनके घुटने में गंभीर चोट आ गई।
चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत माहिम स्थित ‘फोर्टिस रहेजा अस्पताल’ ले जाया गया। शुरुआती जांच और स्कैन के बाद डॉक्टरों ने उन्हें एक-दो दिनों के अंदर सर्जरी करवाने की सख्त सलाह दी है।
सर्जरी के बाद ब्रेक लेंगे कार्तिक आर्यन
सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने कार्तिक को पूरी तरह ठीक होने के लिए बेड रेस्ट की सलाह दी है। रिकवरी के बाद ही वे अपने पेंडिंग प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करेंगे। सेहत में सुधार आने के बाद वे सबसे पहले अनुराग बासु की मोस्ट अवेटेड रोमांटिक फिल्म की शूटिंग पूरी करेंगे, जिसमें वे पहली बार साउथ एक्ट्रेस श्रीलीला के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
किस फिल्म की शूटिंग के दौरान हुआ हादसा?
कार्तिक जिस फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, वह कश्मीर की प्रख्यात रियल-लाइफ एथलीट तजामुल इस्लाम की जिंदगी से प्रेरित एक प्रेरणादायक बायोपिक है। तजामुल ने महज 8 साल की उम्र में वर्ल्ड किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था।
फिल्म से जुड़ी खास बातें
इस फिल्म में कार्तिक आर्यन किकबॉक्सिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं। इस रोल के लिए उन्होंने महीनों तक कड़ा फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन और मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण लिया है। खास बात ये है कि इस स्पोर्ट्स ड्रामा के साथ कार्तिक बतौर प्रोड्यूसर नई शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस का नाम ‘डोपामाइन स्टूडियोज’ रखा है।

