अंतरराष्ट्रीय

यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, 822 ड्रोन का दावा; जवाबी मिसाइल हमले में लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री प्रभावित

डेस्क: रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) के बीच रविवार को यूक्रेन ने रूस के कई हिस्सों को सैकड़ों ड्रोन से निशाना बनाया। रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन (Ukrainian drone) नष्ट किए गए। इस हमले में कम से कम छह लोगों की मौत होने की खबर है। इसे युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक बताया जा रहा है।
दूसरी ओर, रूस ने भी यूक्रेन में जवाबी मिसाइल हमले किए। इन हमलों में भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के आर्सेलरमित्तल समूह से जुड़ी क्रिवी रिह फैक्ट्री को नुकसान पहुंचने की खबर है। हमले के बाद कंपनी ने साइट पर कुछ गतिविधियां रोक दी हैं।
मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे करीब 600 ड्रोन
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर में यूक्रेन के 822 ड्रोन मार गिराए। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार, करीब 600 ड्रोन राजधानी मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे। इनमें लगभग एक-तिहाई ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही नष्ट कर दिया गया।
हमले के चलते कई इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। रूस के कुछ क्षेत्रों में ड्रोन हमलों से आग लगने और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की भी खबर सामने आई है।

रूस के जवाबी हमले में यूक्रेन में पांच मौतें
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि रूसी मिसाइल हमलों में कई इलाकों को निशाना बनाया गया। क्रिवी रिह में दो लोगों की मौत हुई और 14 लोग घायल हुए। सूमी में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि दक्षिणी जापोरिज्जिया में एक पुरुष और एक महिला की जान चली गई।
जेलेंस्की ने रूस पर आरोप लगाया कि वह अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों की पहुंच वाले इलाकों में बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है।
लक्ष्मी मित्तल की कंपनी की फैक्ट्री को नुकसान
रूसी मिसाइल हमले से प्रभावित साइट ArcelorMittal Kryvyi Rih है, जो भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के आर्सेलरमित्तल समूह का हिस्सा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी ने पुष्टि की है कि उसके एक साइट को रूसी हमले में नुकसान पहुंचा है।
हमले के बाद कंपनी ने फैक्ट्री में कुछ काम अस्थायी तौर पर रोक दिया है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक सीमा अभी स्पष्ट नहीं हुई है और यह भी सामने नहीं आया है कि उत्पादन गतिविधियां पूरी तरह कब तक सामान्य होंगी।
रूस के पोडॉल्स्क में गोदाम में लगी आग
यूक्रेन के ड्रोन हमलों का असर रूस के पोडॉल्स्क शहर में भी दिखाई दिया। यहां ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक गोदाम में आग लग गई। दक्षिण-पश्चिमी रूस के रोस्तोव क्षेत्र के तीन शहरों को भी ड्रोन हमलों से निशाना बनाए जाने की खबर है।
क्षेत्रीय गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के अनुसार, इस इलाके में 150 से अधिक ड्रोन से हमला किया गया। हमले में पांच लोगों की मौत हुई और कई मकानों तथा एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा। जंगल में भी आग लग गई, जिससे इलाके में स्थिति और गंभीर हो गई।
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को करीब चार साल हो चुके हैं। दोनों पक्षों की ओर से लगातार बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए जा रहे हैं और रविवार की घटनाओं ने संघर्ष की बढ़ती हवाई तीव्रता को एक बार फिर सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *