राष्ट्रीय

लगातार दूसरे साल स्वतंत्रता दिवस समारोह से दूर रहे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे

डेस्क:  देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर पर आयोजित भव्य समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल नहीं हुए। दोनों वरिष्ठ कांग्रेस नेता लगातार दूसरे साल इस राष्ट्रीय समारोह से नदारद रहे।

सूत्रों के अनुसार रक्षा मंत्रालय की ओर से दोनों नेताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भेजा गया था। लेकिन वे समारोह में नहीं पहुंचे। राजनीतिक गलियारों में इसके पीछे 2024 में हुए सीटिंग विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है।

 

2024 का विवाद बना कारण

2024 में राहुल गांधी के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद उन्हें लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में 5वीं पंक्ति में सीट दी गई थी। कांग्रेस ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार ने नेता प्रतिपक्ष के संवैधानिक पद का अपमान किया है।

वहीं रक्षा मंत्रालय ने सफाई देते हुए कहा था कि उस वर्ष ओलंपिक खिलाड़ियों को विशेष सम्मान देने के कारण बैठने की व्यवस्था में बदलाव किया गया था।

क्या कहते हैं नियम?

रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में अतिथियों की बैठने की व्यवस्था ‘टेबल ऑफ प्रेसिडेंस’ के नियमों के आधार पर तय की जाती है। राष्ट्रपति सचिवालय के नियमों के अनुसार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के समकक्ष दर्जा प्राप्त है।

 

पीएम मोदी ने बिना नाम लिए साधा निशाना

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश को संबोधित करते हुए बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर तीखा हमला किया।

पीएम मोदी ने कहा, _”कुछ लोग भारत की प्रगति देख नहीं सकते। वे भारत का भला नहीं सोच सकते इसलिए लोगों को गुमराह करने में लगे हैं। ऐसे मुट्ठी भर लोग निराशा के गर्त में डूबे हैं। जब उनकी गोद में विकृति पलती है तो वह विनाश और सर्वनाश का कारण बन जाती है।”_

उन्होंने कहा कि भारत के पास मजबूत सरकार, जीवंत लोकतंत्र और संविधान है जिसके आधार पर देश आगे बढ़ रहा है। पीएम ने यह भी कहा कि उनका सपना है कि राजनीति से न जुड़े परिवारों के एक लाख युवा राजनीति में आएं ताकि लोकतंत्र और मजबूत हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *