बिहार

बिहार : आय से अधिक संपत्ति मामले में ईओयू ने कार्यपालक अभियंता के तीन ठिकानों पर मारा छापा

डेस्क:आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ईओयू की टीम ने सुबह से ही बिहार के नालंदा जिले में दो जगहों समेत कुल तीन ठिकानों पर सघन तलाशी शुरू की। छापेमारी बिहारशरीफ के मोगलकुआं मोहल्ला और बौलीपर स्थित उनके पैतृक आवास पर की जा रही है। टीम ने घरों को पूरी तरह अपने घेरे में ले लिया है। घर के किसी सदस्य को बाहर जाने और किसी बाहरी व्यक्ति के अंदर आने पर सख्त रोक लगा दी गई है। ईओयू को गुप्त सूचना मिली थी कि वर्तमान में खगड़िया जिले में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता संजय कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। आरोप है कि उन्होंने आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक बेनामी संपत्ति अर्जित की है। सूचना के सत्यापन के बाद ईओयू ने विधिवत मामला दर्ज किया। न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद शुक्रवार सुबह अलग-अलग टीमें बनाकर एक साथ यह कार्रवाई शुरू की गई।
ईओयू के अधिकारी घर के अंदर मौजूद हर अहम कागजात की बारीकी से जांच कर रहे हैं। टीम जमीन-जायदाद के दस्तावेज, बैंक पासबुक, लॉकर की चाबियां और विभिन्न वित्तीय संस्थानों में किए गए निवेश के रिकॉर्ड खंगाल रही है।
अधिकारियों का कहना है कि संपत्ति के सभी स्रोतों का मिलान आय से किया जाएगा। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से ही दोनों मोहल्लों में पुलिस और ईओयू के वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी। छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास भीड़ जुट गई, लेकिन टीम ने इलाके को घेरकर काम जारी रखा।
फिलहाल छापेमारी जारी है। ईओयू की ओर से अब तक बरामदगी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी पूरी होने के बाद ही पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *