डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) के प्रधानमंत्री (PM) शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत (India) के खिलाफ एक बार फिर तल्ख तेवर दिखाए हैं. इस्लामाबाद में ‘यादगार-ए-फतह’ कार्यक्रम के दौरान शहबाज शरीफ ने सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को लेकर भारत को सीधे तौर पर धमकी दी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पानी की एक-एक बूंद उसकी रेड लाइन है. उन्होंने कहा कि, अगर भारत अपने रुख से पीछे नहीं हटता तो पाकिस्तान इसका सीधा जवाब देगा.
भारत ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को होल्ड पर रखा था. इसके बाद से ही पाकिस्तान तिलमिलाया हुआ है. मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के तहत भी पाकिस्तान में डीप स्ट्राइक की गई थी. आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था. शहबाज शरीफ ने भारत-पाकिस्तान के सैन्य टकराव का भी जिक्र किया.
पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान शांति, सम्मान और गरिमा के साथ खड़ा है, लेकिन इसे उसकी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए. शरीफ ने धमकी दी कि अगर भविष्य में किसी ने पाकिस्तान की संप्रभुता और सुरक्षा को चुनौती दी तो उसे मई 2025 से भी ज्यादा ताकत के साथ जवाब दिया जाएगा. हालांकि, भारत-पाकिस्तान के बीच मई 2025 में संघर्ष के बाद दोनों देशों ने सीजफायर पर सहमति जताई थी.
ट्रंप को दिया सीजफायर का क्रेडिट
शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच समय पर सीजफायर कराने में प्रभावी और ऐतिहासिक भूमिका निभाई, जिससे लाखों लोगों की जान बची. भारत हालांकि सीजफायर में अमेरिकी मध्यस्थता के दावे को स्वीकार नहीं करता रहा है.
चीन से दोस्ती, तुर्की-सऊदी के साथ डिफेंस गठजोड़ का जिक्र
शरीफ ने चीन को पाकिस्तान का ऐसा दोस्त बताया जो हर मुश्किल समय में उसके साथ चट्टान की तरह खड़ा रहा है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और चीन की दोस्ती हिमालय से भी ऊंची है. इसके साथ ही उन्होंने सऊदी अरब के साथ हुए रक्षा समझौते और उसमें तुर्की के शामिल होने का भी जिक्र किया. शरीफ ने इसे मुस्लिम दुनिया और पूरे क्षेत्र में शांति का संदेश बताया.

