राष्ट्रीय

ऑनलाइन गेमिंग में नुकसान के बाद तीन दोस्तों ने निगला जहरीला पदार्थ, दो की मौत; तीसरे की हालत स्थिर

डेस्क: पंजाब के नवांशहर जिले (Nawanshahr district) के गढ़ पधाना गांव में ऑनलाइन गेमिंग (Online gaming) में नुकसान के बाद तीन दोस्तों द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ (toxic substance) निगलने का मामला सामने आया है। घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गेमिंग में नुकसान के बाद उठाया कदम
पुलिस के मुताबिक 21 वर्षीय दिलप्रीत सिंह को ऑनलाइन गेमिंग में कथित तौर पर काफी आर्थिक नुकसान हुआ था। इसके बाद उसने अपने करीबी दोस्तों 15 वर्षीय परमजीत सिंह और 15 वर्षीय मनिंदर सिंह को जहरीला पदार्थ निगलने की बात बताई। इसके बाद दोनों किशोरों ने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया।
तीनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलप्रीत ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मनिंदर का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
दोनों किशोर गेमिंग में शामिल थे या नहीं, जांच जारी
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि परमजीत और मनिंदर स्वयं ऑनलाइन गेमिंग करते थे या नहीं। फिलहाल परिवार की ओर से किसी व्यक्ति को घटना के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। पुलिस जहरीला पदार्थ निगलने के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मोबाइल फोन से खुल सकते हैं कई राज
थाना प्रभारी सतनाम सिंह के अनुसार परमजीत और मनिंदर के मोबाइल फोन की जांच की गई है। वहीं दिलप्रीत का मोबाइल लॉक होने के कारण उसे तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फोन को अपने स्तर पर खोलने की कोशिश करने पर उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डेटा नष्ट होने की आशंका है।
तकनीकी टीम मोबाइल से ऑनलाइन गेमिंग, संभावित आर्थिक लेन-देन, बातचीत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाएगी।
कथित कर्ज की भी जांच
पुलिस ऑनलाइन गेमिंग में हुए नुकसान और कथित कर्ज के बीच संबंध की भी जांच कर रही है। दिलप्रीत के चाचा विदेश में रहते हैं और उसकी देखभाल के साथ आर्थिक मदद भी करते थे। उनके एक-दो दिन में गांव पहुंचने की संभावना है। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाएगी।

जहरीला पदार्थ कहां से मिला, पता लगा रही पुलिस
पुलिस तीनों युवकों तक जहरीला पदार्थ पहुंचने और उसे निगलने के पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे वास्तव में क्या कारण था।
परमजीत और मनिंदर साधारण परिवारों से ताल्लुक रखते थे। दो युवकों की मौत के बाद गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *