खेल

राशिद खान ने रचा बड़ा इतिहास, टॉप-10 विकेटटेकर्स की लिस्ट में शामिल

डेस्क: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने आयरलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में शानदार गेंदबाजी करते हुए एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। बेलफास्ट में खेले गए मुकाबले में राशिद ने 10 ओवर में 49 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके साथ ही वह एक्टिव खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले गेंदबाजों की टॉप-10 लिस्ट में शामिल हो गए।
राशिद खान ने शमी को छोड़ा पीछे
चौथे वनडे में तीन विकेट लेने के साथ राशिद खान के अंतरराष्ट्रीय विकेटों की संख्या 464 हो गई है। उन्होंने भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 462 विकेट हैं। राशिद अब एक्टिव खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं। राशिद ने अब तक 244 मैचों में 464 विकेट लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 17.15 का है। उनके नाम 14 बार चार विकेट और तीन बार पांच विकेट लेने का कारनामा दर्ज है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/18 है।
मिचेल स्टार्क एक्टिव खिलाड़ियों में सबसे आगे
एक्टिव खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के नाम है। स्टार्क ने अब तक 759 विकेट लिए हैं और इस सूची में वह सबसे आगे हैं। उन्होंने 25.28 के औसत से गेंदबाजी की है और उनके नाम 27 बार पांच विकेट तथा तीन बार 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड है। स्टार्क का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/58 है। कुल अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वालों की बात करें तो श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन इस सूची में सबसे ऊपर हैं। मुरलीधरन ने 495 मैचों में 1,347 विकेट लिए हैं।
अफगानिस्तान ने खड़ा किया 343 रन का विशाल स्कोर
मुकाबले की बात करें तो आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अफगानिस्तान ने सदीकुल्लाह अटल और इब्राहिम जादरान के शानदार शतकों की बदौलत 50 ओवर में 9 विकेट पर 343 रन बनाए। अटल ने 120 गेंदों में 143 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 17 चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं, इब्राहिम जादरान ने 118 गेंदों में 107 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
जादरान ने भी हासिल की बड़ी उपलब्धि
इब्राहिम जादरान ने शतक लगाने के साथ वनडे क्रिकेट में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। वह अफगानिस्तान के लिए 2,000 वनडे रन पूरे करने वाले आठवें बल्लेबाज बन गए हैं।जादरान के नाम अब 45 मैचों की 45 पारियों में 2,105 रन हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 50.11 का है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में सात शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 177 रन है।आयरलैंड की ओर से बायरन मैकडोनो ने तीन विकेट लिए, जबकि मार्क अडायर और गेविन होई को दो-दो सफलता मिली।
बालबर्नी और कैंफर ने किया पलटवार
344 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन एंडी बालबर्नी और कर्टिस कैंफर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दीं। बालबर्नी ने 119 गेंदों में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 109 रन बनाए। वहीं, कैंफर ने महज 46 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें आठ चौके और पांच छक्के शामिल थे।
हालांकि, अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। यामिन अहमदजई ने 4/71 का स्पेल डाला, जबकि राशिद खान ने 3/49 लेकर आयरलैंड की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। आयरलैंड की टीम 48 ओवर में 301 रन पर ऑलआउट हो गई।
अफगानिस्तान ने 3-0 से सीरीज पर किया कब्जा
चौथे वनडे में जीत के साथ अफगानिस्तान ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सदीकुल्लाह अटल को शानदार शतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। राशिद खान के लिए यह मुकाबला खास रहा। एक ओर उन्होंने अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाने में अहम योगदान दिया, वहीं दूसरी ओर मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ते हुए एक्टिव खिलाड़ियों में टॉप-10 विकेटटेकर्स की सूची में भी अपनी जगह बना ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *