डेस्क: गैंगस्टर फिल्मों (Gangster films) के लिए पहचाने जाने वाले फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Varma) एक बार फिर अंडरवर्ल्ड की दुनिया को पर्दे पर उतारने की तैयारी में हैं। ‘सत्या’, ‘कंपनी’, ‘D’ और ‘सरकार’ जैसी फिल्मों के जरिए मुंबई के अपराध जगत की कहानियां दिखा चुके राम गोपाल वर्मा ने अपनी नई हिंदी फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ का ऐलान किया है।
फिल्म में अभिनेता हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण टी-सीरीज कर रही है। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म की जानकारी साझा की और इसकी कहानी के बारे में भी कई अहम संकेत दिए।
दाऊद-छोटा राजन की कहानी से प्रेरित होगी फिल्म
राम गोपाल वर्मा के मुताबिक, ‘पुलिस कंपनी’ की कहानी मुंबई अंडरवर्ल्ड के उस दौर से प्रेरित है, जब दाऊद इब्राहिम ने अपने विरोधी गैंग्स को खत्म करने के बाद अपने गिरोह को एक संगठित कंपनी का रूप दिया था।
फिल्ममेकर के अनुसार, दाऊद के दुबई चले जाने के बाद उसके करीबी छोटा राजन को डी-कंपनी का संचालन संभालने की जिम्मेदारी मिली। बाद में घटनाक्रम ऐसा बदला कि दाऊद और छोटा राजन के बीच दरार पैदा हो गई और दोनों अलग हो गए।
गैंगवार से बढ़ा मुंबई का अपराध
राम गोपाल वर्मा के मुताबिक, दोनों के अलग होने के बाद मुंबई के अंडरवर्ल्ड में एक तरह का खालीपन पैदा हुआ। कई दूसरे गैंग्स ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश शुरू कर दी।
इसके चलते शहर में गैंगवार और आपराधिक गतिविधियां बढ़ती चली गईं। हालात ऐसे हो गए कि पुलिस और प्रशासन के लिए इन गिरोहों पर नियंत्रण करना चुनौती बन गया।
यूपी, एमपी और बिहार से मुंबई पहुंचे युवा
फिल्ममेकर के मुताबिक, उस दौर में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में युवा मुंबई पहुंचने लगे और अंडरवर्ल्ड की अलग-अलग ‘कंपनियों’ का हिस्सा बनने लगे।
बढ़ती आपराधिक गतिविधियों से निपटने के लिए एक विशेष पुलिस स्क्वाड गठित किया गया। राम गोपाल वर्मा ने दावा किया है कि वर्ष 1997 से 2004 के बीच इस स्क्वाड ने 300 से अधिक गैंगस्टर्स को मार गिराया।
दया नायक की भूमिका निभाएंगे हर्षवर्धन राणे
राम गोपाल वर्मा ने बताया कि उनकी फिल्म की कहानी इसी विशेष पुलिस दस्ते से प्रेरित है। फिल्म में हर्षवर्धन राणे एक स्क्वाड सदस्य दया नायक की भूमिका निभाएंगे।
फिल्ममेकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में संकेत दिया है कि फिल्म में कई बड़े कलाकार भी नजर आएंगे। हालांकि, बाकी कलाकारों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। उनकी घोषणा जल्द किए जाने की बात कही गई है।
‘पुलिस कंपनी’ से RGV की वापसी
राम गोपाल वर्मा लंबे समय से अपनी शुरुआती फिल्मों जैसी सफलता और चर्चा से दूर रहे हैं। अब ‘पुलिस कंपनी’ के जरिए वह एक बार फिर उस जॉनर में वापसी कर रहे हैं, जिसने उन्हें बॉलीवुड में अलग पहचान दिलाई थी।
दाऊद इब्राहिम, छोटा राजन, मुंबई अंडरवर्ल्ड और पुलिस एनकाउंटर स्क्वाड की पृष्ठभूमि वाली यह कहानी ऐसे दौर को केंद्र में रखेगी, जिसने मुंबई के अपराध जगत और पुलिस व्यवस्था दोनों को लंबे समय तक प्रभावित किया।

