दरभंगा:संस्कृत विश्वविद्यालय में उपशास्त्री प्रथम वर्ष, सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए द्वितीय चक्र की मेधा सूची सोमवार को प्रकाशित कर दी गई। सूची में चयनित छात्र-छात्राओं को अब 11 से 14 अगस्त तक अपने आवंटित महाविद्यालय में उपस्थित होकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में महाविद्यालय पहुंचकर अपने आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं कागजात का सत्यापन कराना होगा। कागजात के सत्यापन के बाद ही संबंधित महाविद्यालय में उनका नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय के आदेश पर अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. पुरेन्द्र वारिक ने उपशास्त्री सत्र 2026-28 में द्वितीय चक्र के नामांकन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। ओएसडी (शैक्षणिक) डॉ. रामसेवक झा ने उपशास्त्री में चयनित सभी छात्र-छात्राओं से आग्रह किया है कि वे विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा का विशेष रूप से ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि मेधा सूची में चयनित अभ्यर्थी 11 से 14 अगस्त के बीच अपने आवंटित महाविद्यालय में पहुंचकर आवश्यक कागजात का सत्यापन कराते हुए हर हाल में नामांकन करा लें। निर्धारित अवधि में नामांकन नहीं कराने पर पुनः अवसर नहीं दिया जाएगा।

