राजकीय महिला महाविद्यालय बस्ताड़ा में निकाली गई हर घर तिरंगा जागरूकता रैली, 120 से अधिक छात्राओं ने लिया भाग

करनाल, 10 अगस्त। राजकीय महिला महाविद्यालय बस्ताड़ा में उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा पंचकूला के निर्देशानुसार महत्वपूर्ण दिवस समारोह समिति एवं एनएसएस सेल के संयुक्त तत्वावधान में कार्यवाहक प्राचार्या दीपा डुल के मार्गदर्शन में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ जिसमें महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके उपरांत स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं ने राष्ट्र के प्रति निष्ठा तथा तिरंगे के सम्मान की शपथ ली। शपथ के माध्यम से सभी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश की गरिमा को बनाए रखने तथा राष्ट्र ध्वज के सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। इसके पश्चात छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेविकाओं द्वारा बस्ताड़ा में देशभक्ति एवं हर घर तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति राष्ट्रीय गौरव, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान से संबंधित नारे लगाए। रैली ने क्षेत्रवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना जागृत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में 120 से अधिक छात्राओं ने सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी की। इस अवसर पर महत्वपूर्ण दिवस समारोह समिति के संयोजक डॉ. विक्रम सिंह, एनएसएस प्रभारी डॉ. मीतू चावला, ममता रानी, पूजा रानी, अपूर्वा, डॉ हितेंद्र, अनुराधा, पवन कुमार, डॉ अनुप्रिया, मिस शिवानी व श्री संजय कुमार उपस्थित रहे।

