राष्ट्रीय

माउंट आबू के होटल से 19 वर्षिय अवैध बांगलादेशी युवती गिरफ्तार !

डेस्क : राजस्थान के सिरोही जिले में पुलिस की जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया  है.दरअसल माउंट आबू के एक होटल में रह रही 19 वर्षीय युवती को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया है.

शुरुआती पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, युवती ने करीब चार साल पहले बिना वैध दस्तावेज भारत में प्रवेश करने की बात बताई है. पुलिस को उसके पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र भी मिला है. अब एजेंसियां उसके भारत आने के रास्ते, यहां रहने और स्थानीय संपर्कों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं. यह कार्रवाई राजस्थान में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई. पुलिस की मानें तो, इस अभियान की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर की जा रही है.

 

होटल में संदिग्ध विदेशी युवती की सूचना

 

पुलिस के मुताबिक माउंट आबू थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक होटल में एक संदिग्ध विदेशी युवती ठहरी हुई है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने होटल कासिबा में कार्रवाई की और वहां से युवती को दस्तयाब कर लिया. पुलिस ने उसकी पहचान शीला अख्तर उर्फ उमा इस्लाम के रूप में बताई है. शुरुआती पूछताछ में उसने खुद को बांग्लादेश के बोंगुना जिले का निवासी बताया.

 

चार साल पहले भारत आने का दावा

 

पुलिस के अनुसार, युवती से पूछताछ के दौरान सामने आया कि वह करीब चार वर्ष पहले बिना वैध दस्तावेज के भारत में दाखिल हुई थी. हालांकि, पुलिस अब उसके इस दावे और भारत में प्रवेश से जुड़े सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवती भारत में किस रास्ते से आई, इतने समय के दौरान कहां-कहां रही और किन लोगों के संपर्क में थी.

 

पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र मिलने की पुष्टि

 

पुलिस के मुताबिक, युवती के पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र बरामद हुआ है. इन दस्तावेजों की जांच कर उसकी पहचान और नागरिकता से संबंधित जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है. पूछताछ के बाद युवती को सिरोही स्थित सखी सेंटर भेजा गया. पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया है.

 

कई एजेंसियों से किया गया संपर्क

पुलिस के अनुसार, मामले में सीमा सुरक्षा बल, गृह विभाग और पश्चिम बंगाल की संबंधित खुफिया एजेंसियों से भी समन्वय किया जा रहा है. युवती को उसके देश वापस भेजने की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और अन्य तथ्यों के सत्यापन के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी.

 

सिरोही में पहले भी हुई कार्रवाई

 

पुलिस के मुताबिक सिरोही जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के अभियान के दौरान इससे पहले भी कार्रवाई हो चुकी है. पुलिस का दावा है कि जिले में तीन अन्य बांग्लादेशी महिलाओं को भी दस्तयाब किया गया था और उनके खिलाफ निष्कासन की प्रक्रिया पूरी की गई. फिलहाल पुलिस होटल, किराए के मकानों और अन्य संभावित स्थानों पर सत्यापन और निगरानी बढ़ा रही है. इस मामले में युवती के भारत आने से लेकर यहां रहने तक की परिस्थितियों की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *