राष्ट्रीय

घर में सो रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, एक मिनट तक चला संघर्ष; चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीण

डेस्क: घर के कमरे में बच्चे के साथ सो रही महिला पर अचानक तेंदुए के हमला (Leopard attack) करने से हड़कंप मच गया। जंगल से निकलकर घर में घुसे तेंदुए (Leopard) ने सो रही लाली देवी पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले के बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और करीब एक मिनट तक तेंदुए से भिड़ती रही। उनकी चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ दिया।

आधी रात घर में घुस आया तेंदुआ
घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। धनियाबेली निवासी जय प्रकाश की पत्नी लाली देवी अपने बच्चे के साथ घर के एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान जंगल की तरफ से आया तेंदुआ चुपचाप घर में दाखिल हो गया।
तेंदुए ने कमरे में पहुंचते ही लाली देवी पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से महिला घबरा गईं, लेकिन उन्होंने खुद को बचाने के लिए तेंदुए का सामना करना शुरू कर दिया।
करीब एक मिनट तक होती रही भिड़ंत
लाली देवी ने तेंदुए से संघर्ष करते हुए जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। करीब एक मिनट तक महिला और तेंदुए के बीच संघर्ष चलता रहा।
महिला की चीख और ‘बचाओ-बचाओ’ की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने लाठियां बजाते हुए शोर मचाया और तेंदुए को भगाने के लिए हांका लगाया।
लोगों के बढ़ते शोर और महिला के प्रतिरोध के कारण तेंदुआ पीछे हट गया और वहां से निकलकर जंगल की ओर भाग गया।
हाथ और जांघ पर गंभीर चोटें
हमले में लाली देवी के हाथ, जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन दरोगा अनिल पटेल पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ धनियाबेली गांव पहुंचे।
परिजनों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस के जरिए सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें सीएचसी मोतीपुर रेफर कर दिया।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
घटना के बाद इलाके में वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए क्षेत्र में गश्त और कॉम्बिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
वन विभाग की टीम आसपास के इलाकों में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है। साथ ही ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने और रात के समय घर से बाहर निकलते वक्त सावधानी रखने की सलाह दी गई है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण तेंदुए को लेकर चिंतित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *