राष्ट्रीय

J-K: चेकिंग से बचकर भागी काली स्कॉर्पियो, 3 चेतावनी फायर के बाद जंगल में छोड़ी गाड़ी, एक संदिग्ध गिरफ्तार

डेस्क: जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (Jammu-Srinagar National Highway) पर शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक काली स्कॉर्पियो (Black Scorpio) सुरक्षा जांच चौकी पर रुकने के बजाय तेज रफ्तार में वहां से निकल गई। पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को रोकने के लिए तीन चेतावनी भरे फायर किए, लेकिन चालक अपने साथियों के साथ गाड़ी लेकर फरार हो गया। बाद में तलाशी अभियान के दौरान स्कॉर्पियो लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे चंदेरकोट सुरक्षा जांच चौकी के पास हुई। श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही काली स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर JK02AK-1743 बताया गया है।
चौकी पर रुकने के बजाय बढ़ा दी रफ्तार
रामबन के SSP अरुण गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना से कुछ समय पहले ही चंदेरकोट पुलिस स्टेशन को स्कॉर्पियो के आने की सूचना मिल गई थी। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, चालक ने निर्देश की अनदेखी करते हुए गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और सीधे जांच चौकी की ओर बढ़ने लगा।

SSP के अनुसार, तेज रफ्तार वाहन से चौकी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की जान को खतरा हो सकता था। खतरा भांपते हुए चेकपॉइंट पर तैनात पुलिस गार्ड के सदस्य कॉन्स्टेबल रसाल चंद ने अपनी सर्विस राइफल से तीन चेतावनी फायर किए। इसके बावजूद चालक और उसके साथी वाहन लेकर वहां से निकलने में सफल रहे।
पुलिस, CRPF और सेना ने शुरू किया बड़ा तलाशी अभियान
घटना के तुरंत बाद चंदेरकोट थाने में FIR दर्ज की गई। इसके बाद स्कॉर्पियो और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए रामबन पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG), CRPF और सेना को शामिल करते हुए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो डालवास के पास लावारिस हालत में बरामद हुई।
पिछली सीटें हटाई गईं, अंदर मिला गोबर
बरामद स्कॉर्पियो की जांच के दौरान फोरेंसिक टीम को कई अहम सुराग मिले। वाहन की पिछली सीटें हटाई गई थीं और उसके अंदर गोबर भी मिला। पुलिस को आशंका है कि वाहन का इस्तेमाल जम्मू-श्रीनगर हाईवे यानी NH-44 पर मवेशियों की अवैध ढुलाई के लिए किया जाता रहा होगा।
जांच के दौरान स्कॉर्पियो पर गोली लगने के तीन निशान भी मिले। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि ये निशान चंदेरकोट चेकपॉइंट पर पुलिस की ओर से किए गए फायर के कारण बने।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
SSP अरुण गुप्ता के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान उधमपुर जिले के रहने वाले अल्ताफ मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ मौजूद अन्य संदिग्धों की पहचान और तलाश के प्रयास जारी हैं।
जिला फोरेंसिक मोबाइल यूनिट ने बरामद वाहन से जरूरी साक्ष्य और नमूने भी जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन सुरक्षा जांच चौकी से आखिर किस वजह से भागा और इस पूरी घटना के पीछे वास्तविक मकसद क्या था। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है और मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *