बिहार

पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल, उग्र भीड़ ने बस और पुलिस वाहन में लगाई आग

डेस्क:पटना। राजधानी पटना में NH-30 पर हुए सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। पहाड़ी इलाके के पास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास तेज रफ्तार हाईवा ने एक युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया और वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई। आक्रोशित भीड़ ने एक निजी बस में आग लगा दी। आग की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी को आगे बढ़ने से रोक दिया। बताया गया कि बस करीब एक घंटे तक जलती रही।
इसके बाद उपद्रव और बढ़ गया। भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त बस के अलावा एक पुलिस वाहन, मोटरसाइकिलों और प्रशासन की गाड़ियों को भी निशाना बनाया। कई बसों और ट्रकों में तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी सामने आई। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि आग बुझाने पहुंची पुलिस और दमकल टीम को भी मौके से पीछे हटना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पटना सिटी के ASP राजकिशोर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद भीड़ हिंसक हो गई और कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *